यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बंगाल विधानसभा में भारी हंगामा, बीजेपी विधायक निलंबित, दो अन्य MLA को बाहर निकालने का आदेश
बंगाल विधानसभा में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। हंगामे के बाद विधानसभा स्पीकर ने बीजेपी के दो विधायकों ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में सोमवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। बंगाल विधानसभा में सोमवार को बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन अनुपूरक बजट प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन के भीतर हंगामा हुआ।
इसके बाद असंसदीय आचरण करने के आरोप में विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) बिमान बनर्जी के आदेश पर मार्शल ने विपक्षी भाजपा के दो विधायकों शंकर घोष और मनोज उरांव को सदन से बाहर कर दिया।
बीजेपी विधायकों ने किया वॉकआउट
इस दौरान सदन के अंदर कागज फाड़कर फेंकने और नारेबाजी के लिए उत्तर बंगाल के फालाकाटा से भाजपा विधायक दीपक बर्मन को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। स्पीकर के इस कदम के खिलाफ नाराज भाजपा विधायकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया।
बता दें कि यह घटनाक्रम उस वक्त शुरू हुआ जब भाजपा विधायक हिरन चटर्जी ने बजट पर चर्चा के दौरान पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग (WBPSC) के कामकाज को लेकर चिंता जताई।
उन्होंने सवाल किया कि 2011 में जब तृणमूल कांग्रेस की सरकार राज्य में सत्ता में आई, तब से आयोग को एक भी सार्वजनिक शिकायत क्यों नहीं मिली। भाजपा विधायक हिरन चटर्जी ने सीएम के मुख्य सचिव के हालिया नोट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि आयोग के पास शिकायतों को संभालने का वैधानिक अधिकार नहीं है।
