'कैंची से खुद ही रेत लिया गला...', कोलकाता टेक इंजीनियर हत्याकांड में पूछताछ में मुकरी आरोपी गर्लफ्रेंड
कोलकाता के गरिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की संदिग्ध हत्या मामले में जांच जारी है, जिसमें उसकी लिव-इन पार्टनर और मां गिरफ्तार हैं।

कोलकाता टेक इंजीनियर हत्याकांड में पूछताछ में मुकरी आरोपी गर्लफ्रेंड(फोटो: सोशल मीडिया)
HighLights
सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की संदिग्ध हत्या की जांच जारी है।
लिव-इन पार्टनर और उसकी मां हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुई हैं।
आरोपियों के विरोधाभासी बयानों से पुलिस को सच्चाई जानने में मुश्किल।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। कोलकाता के गरिया इलाके में 25 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की संदिग्ध हत्या के मामले में जांच अब भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। पुलिस अभी तक स्पष्ट नहीं कर पाई है कि सार्थक के गले पर जानलेवा वार किस हथियार से किया गया, किसने किया था।
जांच अधिकारी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या किसी नुकीली चीज, जैसे चॉपस्टिक या कैंची का इस्तेमाल हमले में हुआ था। पुलिस शनिवार देर रात फरताबाद स्थित किराए के फ्लैट में घटी पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
सार्थक की 22 वर्षीय लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, पुलिस हिरासत में दोनों से लगातार पूछताछ के बावजूद घटना की तस्वीर साफ नहीं हो सकी है।
मां-बेटी के बयानों में विरोधाभास
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान मां और बेटी दोनों लगातार विरोधाभासी और बदलते हुए बयान दे रही हैं। एक बयान में संचालिका ने दावा किया कि सार्थक ने कैंची से खुद अपना गला काट लिया। वहीं, दूसरे बयान में उसने कहा कि तीखी बहस और गुस्से के कारण याद ही नहीं कि उस वक्त असल में क्या हुआ था।
जांच दल इन दोनों दावों की सच्चाई परख रहा है और तय करने की कोशिश कर रहा है कि क्या वारदात में कैंची, चॉपस्टिक या कोई अन्य धारदार हथियार इस्तेमाल हुआ था।
पुलिस को भी अंदेशा है कि बहस के दौरान सार्थक पर हमला किया गया। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कमरे में मौमिता कब और किन हालात में पहुंची तथा हमले में उसकी क्या भूमिका थी।
दूसरी अफेयर के शक को लेकर हुआ था विवाद
टीओआई के मुताबिक, सार्थक और संचालिका के बीच पिछले कुछ समय से अफेयर और अन्य संबंधों के शक को लेकर लगातार झगड़े हो रहे थे। शनिवार रात भी दोनों शराब पी रहे थे, तभी उनके बीच एक बार फिर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
दोनों ने एक-दूसरे पर कई लोगों के साथ रिश्ते रखने का आरोप लगाया। पुलिस का मानना है कि यह कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, जिसके बाद सार्थक के गले पर गहरा और जानलेवा घाव लगा।
हालांकि, कमरे के भीतर उस वक्त ठीक-ठीक क्या हुआ और दोनों महिलाओं की इसमें क्या भूमिका रही, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी
बारासात का रहने वाला सार्थक फरताबाद के किराए के मकान में अपनी लिव-इन पार्टनर संचालिका और उसकी मां मौमिता के साथ रहता था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे अचानक फ्लैट से एक महिला रोते-चिल्लाते हुए मदद मांगने बाहर भागी, जिसके बाद लोगों को घटना की भनक लगी।
स्थानीय निवासी सायन पाल ने बताया कि रोने की आवाज सुनते ही वे लोग तुरंत फ्लैट की ओर दौड़े। वहां जाकर देखा कि एक युवक बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था।
मदद मांगने आई युवती की गर्दन पर भी खरोंच के कई निशान थे, जिसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि घटना से कुछ ही देर पहले फ्लैट से तेज चिल्लाने और झगड़े की आवाजें आ रही थीं।
एक अन्य स्थानीय निवासी अर्कोजीत बसु ने बताया कि यह परिवार इलाके में काफी समय से रह रहा था, लेकिन पड़ोस के लोगों से उनका मिलना-जुलना बिल्कुल न के बराबर था। घटना के तुरंत बाद सार्थक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से रिमांड में गहन पूछताछ कर रही है और मौके से मिले सबूतों की फॉरेंसिक जांच के जरिए सच सामने लाने की कोशिश में है।
यह भी पढ़ें- कोलकाता में इंजीनियर की धारदार हथियार से हत्या, लिव-इन पार्टनर और मां गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- 'अब और नहीं सहा जाता', कोलकाता के हॉस्टल में फंदे से लटका मिला डॉक्टर का शव; परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।