विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा के लिए सियालदह मंडल की बड़ी तैयारी, 16 से 21 अक्टूबर तक रोज चलेंगी 51 विशेष लोकल ट्रेनें

Published: Wed, 07 Oct 2026 10:13 PM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2026 10:47 PM (IST)

सियालदह मंडल दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 16 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन 51 विशेष ईएमयू लोकल ट्रेनें चलाएगा।

16 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन 51 विशेष लोकल ट्रेनें चलेंगी

16 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन 51 विशेष लोकल ट्रेनें चलेंगी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान आम यात्रियों और कोलकाता व उपनगरीय इलाकों में पंडाल घूमने वाले लोगों की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने व्यापक तैयारी की है।

भारी भीड़ से निपटने को पूजा के दौरान सबसे भीड़भाड़ वाले दिनों 16 से 21 अक्टूबर तक सियालदह मंडल की ओर से प्रतिदिन 51 स्पेशल ईएमयू लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें 38 रात्रिकालीन और शाम के पीक आवर्स में 13 स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

पूजा की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने यह जानकारी दी।

WhatsApp Image 2026-10-07 at 9.37.03 PM

इनमें 13 शाम के पीक आवर्स की ट्रेनें शामिल

डीआरएम ने बताया कि पिछले वर्ष दुर्गापूजा में 31 स्पेशल ईएमयू ट्रेनें चलाई गई थीं, जिसके मुकाबले इस बार विशेष ट्रेनों की संख्या में काफी वृद्धि की गई है।

डीआरएम ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेन परिचालन पर लगातार नजर रखने के लिए सियालदह मंडल मुख्यालय में चौबीसों घंटे वार रूम भी सक्रिय रहेगा।

वार रूम से सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए व्यस्ततम सियालदह सहित मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ और परिचालन की निगरानी के साथ विभिन्न विभागों के बीच तत्काल समन्वय किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी इस बार काफी बढ़ाई गई है। पूरे मंडल में सीसीटीवी की संख्या 3,500 से अधिक है।

रात में 38 स्पेशल लोकल, लंबी दूरी की 80 यात्राएं

पंडाल घूमकर देर रात लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए मेन, नार्थ और साउथ सेक्शन में 38 ओवरनाइट स्पेशल ईएमयू चलाई जाएंगी। वहीं, शाम के पीक आवर्स में 13 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। 10 से 25 अक्टूबर के बीच लंबी दूरी की 80 स्पेशल ट्रेन यात्राएं भी निर्धारित की गई हैं, जबकि 2025 में ऐसी 50 यात्राएं हुई थीं।

पूजा से पहले खरीदारी के लिए बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए 10 से 15 अक्टूबर तक सियालदह-रानाघाट-लालगोला रूट पर 4 प्री-पूजा स्पेशल ईएमयू चलेंगी।

पूजा के दिनों में दोपहर दो बजे के बाद अपने प्रारंभिक स्टेशन से रवाना होने वाली सभी गैलपिंग ईएमयू समेत उपनगरीय एमईएमयू/ईएमयू ट्रेनों का सभी फ्लैग और हाल्ट स्टेशनों पर ठहराव होगा।

Prayagraj Yesvantpur Special Train

स्टेशनों पर प्रवेश-निकास अलग, सीसीटीवी से होगी निगरानी

सियालदह स्टेशन पर प्रफुल्ल द्वार, नार्थ, मेन, सेंट्रल और साउथ गेट के माध्यम से प्रवेश और निकास की अलग व्यवस्था की गई है। सियालदह, बालीगंज और दमदम स्टेशनों पर अतिरिक्त शौचालय बनाए गए हैं। दमदम के सर्कुलेटिंग एरिया को उन्नत करने के साथ लेवल क्रासिंग के आसपास सड़क व्यवस्था में भी सुधार किया गया है।

रानाघाट में अस्थायी बुकिंग और एग्जिट काउंटर तथा बैरकपुर स्टेशन के रानाघाट छोर पर नया टिकट काउंटर शुरू किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर स्टैंडबाय ट्रेन रेक, रिजर्व लोको क्रू, हेल्प डेस्क, मेडिकल बूथ और क्विक रिस्पांस मोबाइल मेंटेनेंस टीम तैनात रहेंगी।

डीआरएम ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान प्रत्येक यात्री और श्रद्धालु को सुरक्षित, आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकता है। ओवरनाइट सेवाओं, चौबीसों घंटे वार रूम और प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त यात्री सुविधाओं के जरिए परिचालन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

यह भी पढ़ें- दिवाली-छठ से पहले रेलवे का तोहफा, बिहार से 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; नोट कर लें पूरी डिटेल

यह भी पढ़ें- Indian Railway News: दीपावली पर नहीं आएगी दिक्कत, निजामुद्दीन और खजुराहो के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन