विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Synagogues closed: इजरायल-फलस्तीन युद्ध के कारण कोलकाता के तीन सिनेगाग अनिश्चितकाल के लिए बंद, कोलकाता पुलिस ने दिया निर्देश

By Jagran NewsEdited By: Babli Kumari
Published: Tue, 14 Nov 2023 06:43 PM (IST)

Kolkata Synagogues closed इजरायल-फलस्तीन युद्ध के कारण कोलकाता में रह रहे मुसलमानों व यहूदियों के आपसी संबंध बिगड़ने की आशंका ...और पढ़ें

इजरायल-फलस्तीन के बीच लगातार युद्ध जारी (फाइल फोटो)
इजरायल-फलस्तीन के बीच लगातार युद्ध जारी (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। इजरायल-फलस्तीन में चल रहे युद्ध के कारण कोलकाता के बड़ाबाजार इलाके में स्थित तीन सिनेगाग (यहूदियों के आराधना गृह) को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस के निर्देश पर ऐसा किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक ये सिनेगाग पिछले 20 दिनों से बंद हैं। इन्हें कब खोला जाएगा, इसकी कोई जानकारी नहीं है।

इजरायल-फलस्तीन युद्ध के कारण कोलकाता में रह रहे मुसलमानों व यहूदियों के आपसी संबंध बिगड़ने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। गौर करने वाली बात यह है कि इन तीनों सिनागाग के अधिकांश कर्मचारी मुस्लिम समुदाय के हैं और वहीं बने क्वार्टरों में रहते हैं। बड़ाबाजार के ये सिनागाग सदियों पुराने हैं। कोलकाता में बड़ी संख्या में मुसलमान वास करते हैं जबकि यहूदियों की संख्या बहुत कम है।

सिनेगाग के अंदर यहूदी पर्यटकों को ही अनुमति

एक समय यहां भी काफी यहूदी थे लेकिन उनकी नई पीढ़ियां रोजगार व अन्य कारणों से दूसरी जगहों पर जाकर बस गई हैं। एक सिनेगाग के सुरक्षाकर्मी ने बताया कि फिलहाल किसी को अंदर नहीं आने देने को कहा गया है। सिर्फ विदेश से आने वाले यहूदी पर्यटकों को ही अनुमति दी जाएगी।

सुरक्षाकर्मी ने इजरायल-फलस्तीन युद्ध का दिया हवाला 

सिनेगाग बंद रखने का कारण पूछे जाने पर सुरक्षाकर्मी ने इजरायल-फलस्तीन युद्ध का हवाला दिया। स्थानीय एक निवासी ने बताया कि बड़ाबाजार इलाके में दूसरे धर्मों से जुड़े गिरजाघर खुले हैं। सिर्फ सिनागाग को बंद किया गया है। सिनागाग बंद होने पर भी वहां नियमित रूप से प्रार्थना होती है। कोलकाता पुलिस के अधिकारियों से पूछने पर उन्होंने इस बारे में कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।