विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बंगाल- सिक्किम के युवाओं के लिए आपदा प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कोर्स शुरू, 780 युवाओं को प्रशिक्षित करेगा एनडीआरएफ

By Jagran NewsEdited By: PRITI JHA
Published: Tue, 22 Nov 2022 10:36 AM (IST)

वैश्विक आपदा कोविड-19 के बाद यह आपदा प्रशिक्षण का प्रथम बैच है। पराशर ने बताया कि एनडीआरएफ की दूसरी वाहिनी ...और पढ़ें

प्रशिक्षण के शुभारंभ के मौके पर एनडीआरएफ अधिकारी और प्रतिभागी।
प्रशिक्षण के शुभारंभ के मौके पर एनडीआरएफ अधिकारी और प्रतिभागी।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। आपदा से बचाव के लिए कोलकाता से सटे हरिणघाटा स्थित एनडीआरएफ की दूसरी बटालियन मुख्यालय में बंगाल और सिक्किम में नेहरू युवा केंद्र से जुड़े युवाओं के लिए आपदा प्रतिक्रिया प्रशिक्षण कोर्स का सोमवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। पहले बैच में नेहरू युवा केंद्र, सिक्किम से आए कुल 36 युवक-युवतियां प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे हैं। कोर्स निदेशक अधिकारी बीएन पाराशर ने इस प्रशिक्षण कोर्स का विधिवत उद्घाटन किया।

उन्होंने बताया कि वैश्विक आपदा कोविड-19 के बाद यह आपदा प्रशिक्षण का प्रथम बैच है। पराशर ने बताया कि एनडीआरएफ की दूसरी वाहिनी द्वारा मार्च 2023 तक बंगाल व सिक्किम के कुल 780 युवाओं को 15 विभिन्न बैचों में प्रशिक्षित किया जाएगा। अधिकारी ने बताया कि यह कोर्स एक सप्ताह का है और पहले बैच के प्रशिक्षण का समापन 26 नवंबर को होगा। अधिकारी के अनुसार, शुरुआत में सिक्किम के नेहरू युवा केंद्र संगठन के युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बंगाल के युवाओं को जनवरी से मार्च 2023 तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

युवाओं के लिए आपदा प्रतिक्रिया कार्य सीखने का यह सुनहरा अवसर : कोर्स निदेशक

प्रशिक्षण के शुभारंभ के अवसर पर कोर्स निदेशक पराशर ने प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेहरू युवा केंद्र के प्रतिभागियों के लिए आपदा प्रतिक्रिया कार्य सीखने का यह बहुत ही सुनहरा अवसर है। इस दौरान उन्हें आपदा प्रतिक्रिया, बेसिक लाइफ सपोर्ट, अग्निशमन अभ्यास, सड़क सुरक्षा, साइबर क्राइम, बेसिक खोज एवं बचाव कार्य, विक्टिम सुरक्षा नियम आदि विषय पर जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कोर्स के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक दोनों तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

भविष्य में आपदा कर्मी के रूप में कार्य करने में सक्षम होंगे युवा

एनडीआरएफ अधिकारी ने आगे बताया कि इस एक सप्ताह के कोर्स में पहले बैच के 12 युवती एवं 24 युवकों को मिलाकर कुल 36 प्रतिभागी प्रशिक्षण के बाद भविष्य में आने वाली आपदा प्रतिक्रिया विशेष रूप से एक आपदा कर्मी के रूप में कार्य करने में सक्षम होंगे। इस दौरान उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से एकाग्रचित्त होकर प्रशिक्षण में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील के साथ इस मौके पर मौजूद सभी अनुदेशकों से भी युवाओं को उच्च कोटि का प्रशिक्षण देने का आह्वान किया।