यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 13, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bengal News: CBI हिरासत में बीरभूम नरसंहार के मुख्य आरोपित लालन शेख की मौत, जांच में जुटी पुलिस
लालन शेख को सीबीआइ तीन दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीबीआइ के ...और पढ़ें

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल के बीरभूम जिले के बोगटूई में हुए नरसंहार के मूख्य आरोपित लालन शेख की सीबीआइ हिरासत में मौत की घटना प्रकाश में आई है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा है कि लालन शेख ने खुदकुशी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लालन शेख को सीबीआइ तीन दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीबीआइ के अस्थाई कैंप में लालन शेख की मौत हुई है। गत तीन दिसंबर को लालन को सीबीआइ ने झारखंड के पाकुड़ से गिरफ्तार किया था।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि इसी वर्ष 21 मार्च को रामपुरहाट थाना अंतर्गत बड़शाल ग्राम पंचायत के बोगटूई ग्राम में तृणमूल नेता तथा उप प्रधान भादू शेख की बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भादू शेख के अनुयायियों ने गांव के कई घरों में आग लगाकर 10 लोगों को जिंदा जलाकर मार दिया था। बताया गया था कि लालन शेख के नेतृत्व में ही बोगटूई में घरों में आग लगाई गई थी। गत रविवार को सीबीआइ ने लालन शेख को रामपुरहाट महकमा अदालत में पेश किया था।
छह दिनों के लिए सीबीआइ हिरासत में
अदालत ने लालन को छह दिनों के लिए सीबीआइ हिरासत में भेज दिया था। सीबीआइ रिमांड की अवधि समाप्त होने पर पुन: रामपुरहाट महकमा अदालत में सीबीआइ ने लालन शेख को पेश किया था। केंद्रीय जांच एजेंसी की मांग के बाद अदालत ने लालन शेख को पुन: तीन दिनों की सीबीआइ हिरासत में भेज दिया था।
