Dana Cyclone: ‘डाना चक्रवात’ का फ्लाइट्स पर भी दिख रहा असर, 15 घंटे के लिए उड़ानों पर पूरी तरह लगी रोक
चक्रवात डाना के प्रभाव के कारण कोलकाता हवाई अड्डे पर फ्लाइट को रद कर दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम छह बजे से 15 घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन पूरी तरह स्थगित रहेगा। यात्रियों एयरलाइन कर्मचारियों विभिन्न उपकरणों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। चक्रवात डाना के संभावित प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कोलकाता हवाई अड्डे पर गुरुवार शाम छह बजे से 15 घंटे के लिए उड़ानों का परिचालन पूरी तरह स्थगित रहेगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों, एयरलाइन कर्मचारियों, विभिन्न उपकरणों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रवक्ता ने कहा कि चक्रवात के प्रभाव के मद्देनजर कोलकाता सहित बंगाल के तटीय जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका के कारण गुरुवार शाम छह बजे से शुक्रवार की सुबह नौ बजे तक कोलकाता एयरपोर्ट से उड़ानों का परिचालन स्थगित रहेगा।
भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार, इस चक्रवात के गुरुवार देर रात या शुक्रवार तड़के ओडिशा के पुरी और बंगाल के सागरद्वीप के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
डाना चक्रवात के कारण लोकल ट्रेनें भी स्थगित
पूर्व रेलवे चक्रवात डाना के मद्देनजर सियालदह स्टेशन से गुरुवार रात आठ बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक किसी स्थानीय उपनगरीय लोकल ट्रेन का परिचालन नहीं करेगा। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बता दें कि बंगाल के छह जिलों उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, नदिया, मुर्शिदाबाद, कोलकाता और हावड़ा को सेवाएं देने वाले सियालदह मंडल में ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में यह कदम उठाया गया है।
मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवात के शुक्रवार तड़के ओडिशा के भितरकनिका राष्ट्रीय उद्यान और धामरा बंदरगाह के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चक्रवात के आने पर 24 और 25 अक्टूबर को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश होगी।
राष्ट्रपति का निर्धारित दौरा भी रद
चक्रवात को लेकर ओडिशा में रेड अलर्ट जारी है। स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही राष्ट्रपति का निर्धारित दौरा भी रद कर दिया गया है। ओडिशा में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई है। ओडीआरएएफ की 17 टीमें तैनात की गई है। पर्यटकों से 24 व 25 अक्टूबर को पुरी की यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
चार दिन के लिए स्कूल-कॉलज बंद
सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि चक्रवात डाना से निपटने के लिए राज्य प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। हम कोई भी जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। इसलिए समुद्र तटीय और आसपास के नौ जिलों में ऐहतियातन सभी स्कूल-कॉलेज बुधवार से शनिवार तक बंद रहेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।