विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की जांच करने वाली समिति का अध्यक्ष पुरुष हो सकता है? कलकत्ता HC ने दिया जवाब

By Jagran NewsEdited By: Neeraj Tiwari
Published: Wed, 25 Nov 2026 09:18 PM (IST)

कलकत्ता हाई कोर्ट ने फैसला सुनाया है कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की जांच करने वाली ICC का अध्यक्ष पुरुष अधिकारी भी हो सकता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी करने की 90 दिनों की समयसीमा अनिवार्य नहीं हैं।

अदालत ने कहा कि आईसीसी का अध्यक्ष पुरुष अधिकारी भी हो सकता है। एआई इमेज

अदालत ने कहा कि आईसीसी का अध्यक्ष पुरुष अधिकारी भी हो सकता है। एआई इमेज

HighLights

  1. ICC अध्यक्ष पुरुष भी, यदि वरिष्ठ महिला अधिकारी उपलब्ध न हो।

  2. जांच की 90 दिन की समयसीमा अनिवार्य नहीं, बल्कि निर्देशात्मक है।

  3. जांच में देरी से प्रक्रिया अवैध नहीं, शिकायतकर्ता हित महत्वपूर्ण।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच के लिए गठित आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) का अध्यक्ष पुरुष अधिकारी भी हो सकता है। यदि संबंधित विभाग में वरिष्ठ महिला अधिकारी उपलब्ध नहीं है तो पुरुष अधिकारी को समिति का प्रमुख नियुक्त करना कानून के प्रावधानों के अनुरूप है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में यह स्पष्ट किया है।

कार्यवाही को कानून के अनुरूप नहीं बताया

अदालत ने यह भी कहा कि शिकायत की जांच 90 दिनों में पूरी करने की समयसीमा अनिवार्य नहीं, बल्कि निर्देशात्मक प्रकृति की है। इसलिए केवल निर्धारित अवधि से अधिक समय लगने के आधार पर जांच प्रक्रिया को अवैध नहीं ठहराया जा सकता।

न्यायमूर्ति ऋतब्रत कुमार मित्रा ने उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें याचिकाकर्ता ने अपने खिलाफ आंतरिक शिकायत समिति की कार्यवाही को कानून के अनुरूप नहीं बताते हुए आगे की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की थी।

अदालत ने दलीलों को स्वीकार नहीं किया

याचिकाकर्ता ने दलील दी थी कि कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम, 2013 (पाश अधिनियम) के तहत गठित समिति में महिला अधिकारी का अध्यक्ष होना जरूरी है। इसके अलावा जांच 90 दिनों में पूरी नहीं की गई और समिति ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर सजा की अनुशंसा भी कर दी। अदालत ने इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

'पूरी जांच 90 दिनों के भीतर समाप्त करना संभव नहीं'

न्यायमूर्ति मित्रा ने कहा कि मामले में आरोप गंभीर थे और दोनों पक्षों की ओर से कई दस्तावेज तथा अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। ऐसे में पूरी जांच 90 दिनों के भीतर समाप्त करना संभव नहीं था। कानून में निर्धारित समयसीमा का उद्देश्य शिकायतों पर गंभीरता और तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करना है, न कि अवधि पूरी होने पर जांच को स्वत: अवैध कर देना।

शिकायतकर्ता के हितों की अनदेखी नहीं हो सकती

अदालत ने कहा कि केवल जांच में देरी के आधार पर पूरी प्रक्रिया को निरस्त करने से उस महिला कर्मचारी के साथ अन्याय होगा, जिसने उत्पीड़न की शिकायत की है। देरी के लिए शिकायतकर्ता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। इसलिए 90 दिनों की समयसीमा को अनिवार्य मानना कानून की मूल भावना के विपरीत होगा।

अंत में अदालत ने याचिका खारिज कर दी

हालांकि, अदालत ने यह भी माना कि समिति ने अपनी अनुशंसा में सजा की सिफारिश करके अधिकार क्षेत्र का अतिक्रमण किया हो सकता है। लेकिन विभागीय अनुशासनात्मक प्राधिकारी ने समिति की अनुशंसित सजा लागू नहीं की। उसने अलग से विभागीय कार्रवाई शुरू की थी। ऐसे में समिति की इस अनुशंसा से याचिकाकर्ता के अधिकार प्रभावित नहीं हुए। अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी।

यह भी पढ़ें- कोलकाता में तेज उत्तरी हवाओं से लुढ़का पारा, एक दिन में 3.2 डिग्री गिरा तापमान

यह भी पढ़ें- कोलकाता: मल्लिकबाजार में कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, काबू पाने में जुटी दमकल की टीम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।