कोलकाता में तेज उत्तरी हवाओं से लुढ़का पारा, एक दिन में 3.2 डिग्री गिरा तापमान
कोलकाता में मौसम ने करवट ली है, न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री गिरकर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे शहर में गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है।

कोलकाता में तेज उत्तरी हवाओं से तापमान में कमी। (एआई से बनी इमेज)।
HighLights
कोलकाता में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।
शहर का पारा 20 डिग्री से नीचे 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह पारा 17 डिग्री तक गिरेगा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता में आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है और शहरवासियों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। एक ही दिन में न्यूनतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। इससे पारा 20 डिग्री से नीचे लुढ़ककर 19 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अगहन महीने की शुरुआत में आई इस गिरावट ने पूरे शहर के मौसम को बेहद खुशनुमा बना दिया है।
चक्रवात के बाद बदला मौसम का मिजाज
पिछले तीन हफ्तों में आए तीन चक्रवातों और खासकर 'आकवान' के असर के कारण राज्य में ठंड का आगमन रुका हुआ था। अब चक्रवात का प्रभाव पूरी तरह खत्म होते ही हवा में नमी कम हो गई है और उत्तर-पश्चिमी शुष्क ठंडी हवाओं ने जोर पकड़ लिया है।
इस सप्ताह बढ़ेगी सर्दी
अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताहांत तक सर्दी का असर और बढ़ेगा। इस हफ्ते के अंत तक कोलकाता का पारा 17 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि पश्चिमी जिलों में तापमान 15 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना है। फिलहाल अगले सात दिनों तक बारिश की कोई आशंका नहीं है और नवंबर के अंत में अंडमान सागर में बनने वाले संभावित चक्रवाती घेरे का भी बंगाल पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
क्या इस बार पड़ेगी कड़ाके की ठंड?
आमतौर पर कोलकाता में अक्टूबर या नवंबर की शुरुआत में ही पारा 20 डिग्री से नीचे चला जाता है, लेकिन इस साल ठंड ने देरी से दस्तक दी है। वैज्ञानिकों और अंतरराष्ट्रीय संस्था 'आईसीआईएमओडी' के अनुसार, इस सीजन में पहाड़ों पर सामान्य से ज्यादा बर्फबारी होगी, लेकिन मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड कम रहने की आशंका है।
ठंड कम पड़ने की उम्मीद
'अल नीनो' के कारण बार-बार सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ बर्फीली हवाओं को मैदानी इलाकों तक पहुंचने से रोकेंगे, जिससे बंगाल में लंबे समय तक हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ने की उम्मीद कम है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।