विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अपना रास्ता बनाना है तो मोदी के साथ जाओ', शुभेंदु ने किसकी सलाह पर छोड़ी थी टीएमसी; 6 साल बाद खोला राज

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:34 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 12:44 PM (IST)

शुभेंदु अधिकारी ने खुलासा किया है कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह पर तृणमूल कांग्रेस छोड़ी थी। मुखर्जी ने उन्हें पीएम मोदी के साथ अपना रास्ता बनाने की सलाह दी थी।

बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी छोड़ने का किया खुलासा।  (फाइल फोटो- PTI)

बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी छोड़ने का किया खुलासा। (फाइल फोटो- PTI)

HighLights

  1. शुभेंदु ने प्रणब मुखर्जी की सलाह पर टीएमसी छोड़ी।

  2. मुखर्जी ने मोदी के साथ जुड़कर आगे बढ़ने की सलाह दी।

  3. टीएमसी को 'बुआ-भतीजे' की पार्टी कहकर बाहर निकले।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने करीब छह साल बाद तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के पीछे की वजह बताई है। उनका दावा है कि पूर्व राष्ट्रपति दिवंगत प्रणब मुखर्जी की सलाह पर उन्होंने ममता बनर्जी की पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था।

शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी ने उन्हें सलाह दी थी कि यदि खुद के दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहना चाहिए। मंगलवार शाम एक प्रमुख अंग्रेजी आर्थिक समाचार पत्र द्वारा यहां आयोजित ‘बंगाल एसेंड्स’ सम्मेलन में शुभेंदु ने कहा कि प्रणब मुखर्जी उनके असली सलाहकार और अभिभावक थे।

टीएमसी बुआ भतीजे की पार्टी

उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस पिसी-भाइपो (बुआ- भतीजे) की पार्टी है। काफी हद तक एक निजी कंपनी की तरह है। मैं वहां कार्यकर्ता बनकर नहीं रहना चाहता था, इसलिए बाहर निकल आया।

प्रणव के सवाल से बदली शुभेंदु की राह

शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी के राष्ट्रपति बनने के बाद वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे। उस समय ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी भी वहां पहुंच गए थे। शुभेंदु ने बताया कि उस मुलाकात में प्रणब मुखर्जी ने उनसे पूछा था कि आगे क्या करने की सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा, प्रणब मुखर्जी ने मुझसे कहा कि यदि कार्यकर्ता के रूप में रहना है तो इसके (भतीजे) साथ रहो और यदि अपने दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रहो। उनकी सलाह बिल्कुल स्पष्ट थी। शुभेंदु ने यह भी कहा कि इस विषय पर अधिक कुछ कहने से विवाद हो सकता है।

16 दिसंबर 2020 को शुभेंदु ने छोड़ी थी तृणमूल

उल्लेखनीय है कि 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले शुभेंदु अधिकारी ने मंत्री पद छोड़ने के साथ 16 दिसंबर 2020 को तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।

इसके बाद उसी वर्ष दिसंबर में अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभा में शुभेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो गए थे। हालांकि, तृणमूल छोड़ने से पहले ही ममता बनर्जी के साथ उनके राजनीतिक मतभेद बढ़ने लगे थे।

देश में पहली बार ATM निकासी से आगे निकला क्रेडिट कार्ड से खर्च, ₹2.4 लाख करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।