कोलकाता: मल्लिकबाजार में कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, काबू पाने में जुटी दमकल की टीम
कोलकाता के मल्लिकबाजार इलाके में एक कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई है, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम मशक्कत कर रही है।

कोलकाता के कपड़ा बाजार में लगी आग। (फोटो-AI जेनरेटेड)
HighLights
कोलकाता के मल्लिकबाजार में कपड़े के गोदाम में आग।
घनी आबादी के कारण दमकलकर्मियों को बुझाने में मशक्कत।
आग लगने का कारण अज्ञात, कोई हताहत नहीं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता में एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई है। इस बार मल्लिकबाजार इलाके के एक कपड़े के गोदाम में आग लगी है। आग पर काबू पाने के लिए फिलहाल दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। घनी आबादी वाला संकरा इलाका होने के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
जानकारी के मुताबिक, 35, एजेसी बोस रोड स्थित एक इमारत में यह गोदाम था। बुधवार दोपहर के समय वहां आग लग गई। गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर सबसे पहले उन्होंने ही आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां एक के बाद एक घटनास्थल पर पहुंचने लगीं। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इस पर नियंत्रण पाने में दमकलकर्मियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। इस खबर के लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था।
आग किस वजह से लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। दमकल अधिकारियों का कहना है कि आग पर काबू पाने के बाद ही इसके कारणों की जांच की जाएगी। वे इस बात की भी जांच करेंगे कि उस गोदाम में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम (अग्निशमन व्यवस्था) थे या नहीं, और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।