कलकत्ता हाई कोर्ट के इतिहास में नया अध्याय, आजादी के बाद पहली बार पोर्ट ब्लेयर में बैठेगी मुख्य न्यायाधीश की पीठ
कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रवींद्र वी घुगे पहली बार पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में मामलों की सुनवाई करेंगे।
-1795954588662_m.webp)
मुख्य न्यायाधीश पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में पहली बार सुनवाई करेंगे (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कलकत्ता हाई कोर्ट के इतिहास में पहली बार मुख्य न्यायाधीश पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में बैठकर मामलों की सुनवाई करेंगे।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवींद्र वी घुगे और न्यायमूर्ति कृष्णा राव की खंडपीठ 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह के पोर्ट ब्लेयर में सुनवाई करेगी। हाई कोर्ट सूत्रों के अनुसार, इन चार दिनों के दौरान कलकत्ता हाई कोर्ट की मुख्य पीठ में मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ नहीं बैठेगी।
73 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर होगा
कलकत्ता हाई कोर्ट के अधीन अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह की न्यायिक व्यवस्था संचालित होती है। पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में वर्ष 1953 से सुनवाई की व्यवस्था है।
करीब 73 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर होगा, जब हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश वहां पहुंचकर मामलों की सुनवाई करेंगे। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवींद्र वी घुगे स्वतंत्रता के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट के पहले मुख्य न्यायाधीश हैं, जो पोर्ट ब्लेयर में पीठ की अध्यक्षता करेंगे।
देश का सबसे पुराना हाई कोर्ट है कलकत्ता
कलकत्ता हाई कोर्ट देश का सबसे पुराना हाई कोर्ट है। इसकी स्थापना एक जुलाई 1862 को हाई कोर्ट्स एक्ट, 1861 के तहत हुई थी। शुरुआत में इसका नाम हाई कोर्ट आफ जुडिकेचर एट फोर्ट विलियम था।
बाद में इसका नाम कलकत्ता हाई कोर्ट हुआ। वर्तमान में इसके अधीन दो सर्किट बेंच हैं। इनमें एक पोर्ट ब्लेयर और दूसरी जलपाईगुड़ी में स्थित है।
यह भी पढ़ें- बदलेगी कोलकाता की यातायात व्यवस्था, 250 किमी लंबी रिंग रोड चार जिलों को जोड़ेगी
यह भी पढ़ें- कोलकाता: नशे में धुत पुलिस सार्जेंट ने की मारपीट; वकील, महिला पुलिस और डॉक्टर को जड़ा थप्पड़