विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता: नशे में धुत पुलिस सार्जेंट ने की मारपीट; वकील, महिला पुलिस और डॉक्टर को जड़ा थप्पड़

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:33 AM (IST)

कोलकाता में एक नशे में धुत पुलिस सार्जेंट ने सॉल्ट लेक स्थित पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में जमकर उत्पात मचाया। उसने महिला सब-इंस्पेक्टर, महिला डॉक्टर, वकील और अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

नशे में धुत पुलिस सार्जेंट ने की मारपीट (एआई द्वारा निर्मित तस्वीर)।

नशे में धुत पुलिस सार्जेंट ने की मारपीट (एआई द्वारा निर्मित तस्वीर)।

HighLights

  1. नशे में धुत सार्जेंट ने सॉल्ट लेक में उत्पात मचाया।

  2. महिला सब-इंस्पेक्टर, डॉक्टर, वकील पर किया हमला।

  3. पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पुलिस के एक सार्जेंट ने नशे में जमकर उत्पात मचाया। कथित तौर पर नशे में रहने के दौरान इसने अपना आपा खो दिया। इस दौरान सॉल्ट लेक स्थित पुलिस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में सार्जेंट ने अपने पड़ोसियों को गालियां दीं।

इसके बाद सार्जेंट ने फिर एक महिला सब-इंस्पेक्टर, एक महिला डॉक्टर, एक वकील और एक अन्य सब-इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद बिधाननगर नॉर्थ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। यह घटना शुक्रवार शाम साल्ट लेक स्थित CAP कैंप (कोलकाता आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन) के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में हुई।

पुलिस को मिली इमरजेंसी कॉल

रात करीब 8:30 बजे बिधाननगर नॉर्थ पुलिस स्टेशन को एक इमरजेंसी कॉल मिली कि आर्म्ड पुलिस बटालियन में तैनात दिब्येंदु सिंघा (35) नशे की हालत में हंगामा कर रहा है। वह वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों (बच्चों सहित) को गालियां दे रहा था।

शांत करने पहुंची महिला सब-इंस्पेक्टर को दी गाली

ड्यूटी पर मौजूद जब एक महिला सब-इंस्पेक्टर वहां पहुंची और सिंघा को शांत करने की कोशिश की, तो उसने महिला सब-इंस्पेक्टर को गालियां दीं। उसके बाद थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पुलिस ने उस शख्स को हिरासत में ले लिया गया और मेडिकल जांच के लिए सॉल्ट लेक सब-डिविजनल अस्पताल ले गई। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में भी उसका हंगामा जारी रहा। वहां जब एक महिला डॉक्टर उसे देखने पहुंची, तो सिंघा ने उसे भी गालियां दीं और थप्पड़ मार दिया।

पुलिस स्टेशन में की बदसलूकी

बिधाननगर नॉर्थ पुलिस स्टेशन ले जाए जाने के बाद भी सिंघा का गुस्सा कम नहीं हुआ। आरोप है कि वहां उसने ड्यूटी ऑफिसर, महिला पुलिसकर्मियों और यहां तक कि पुलिस स्टेशन में बंद अन्य लोगों के साथ भी बदसलूकी की। बिधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "आरोप है कि सिंघा ने एक वकील, दीप मंडल को भी थप्पड़ मार दिया, जो अपने एक क्लाइंट से मिलने पुलिस स्टेशन आए थे। एक अन्य सब-इंस्पेक्टर, समीर दास ने सिंघा को शांत करने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला कर दिया गया।"

न्यायिक हिरासत में कोर्ट ने भेजा

पुलिस ने सिंघा के खिलाफ BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई शुरू की है, जो पुलिस को कुछ खास परिस्थितियों में एहतियातन गिरफ्तारी करने का अधिकार देती है। सिंघा को सार्वजनिक उपद्रव करने, सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों और एक वकील पर हमला करने, तथा एक महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

शनिवार को उसे साल्ट लेक की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सिंघा पहले भी पड़ोसियों के साथ झगड़ों में शामिल रहा है और उन पर हमला करने के आरोप भी उस पर लग चुके हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।