विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदलेगी कोलकाता की यातायात व्यवस्था, 250 किमी लंबी रिंग रोड चार जिलों को जोड़ेगी

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:40 PM (IST)

कोलकाता में 14,000 करोड़ रुपये की लागत से 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड परियोजना की घोषणा की गई है। 

केलकाता को मिलेगी ट्रैफिक की समस्या से निजात। (फोटो- एएनआई।)

केलकाता को मिलेगी ट्रैफिक की समस्या से निजात। (फोटो- एएनआई।)

HighLights

  1. 250 किमी रिंग रोड परियोजना की घोषणा, लागत 14000 करोड़।

  2. महानगर को जाम और भारी वाहनों से मिलेगी राहत।

  3. कोलकाता, हावड़ा, उत्तर-दक्षिण 24 परगना को जोड़ेगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। महानगर को जाम और भारी वाहनों के दबाव से राहत दिलाने और आसपास के जिलों को जोड़ते हुए यात्रायात का नया गलियारा तैयार करने की महत्वाकांक्षी परियोजना अब आकार लेने की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है।

14,000 करोड़ रुपये की लागते से कोलकाता में प्रस्तावित 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड परियोजना की घोषणा के साथ इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए परामर्शदाता नियुक्त करने की निविदा भी जारी हो चुकी है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 26 नवंबर, गुरुवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलघाट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में कोलकाता में 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनाने की घोषणा की थी। इसकी अनुमानित लागत 14 हजार करोड़ रुपये बताई गई है। इस घोषणा से एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 25 नवंबर को डीपीआर तैयार करने के लिए परामर्श सेवा की निविदा जारी की थी।

क्या है परियोजना का उद्देश्य?

ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तारीख 11 जनवरी, 2027 है। हालांकि, अभी निर्माण की निविदा जारी नहीं हुई है और वास्तविक मार्ग, जमीन अधिग्रहण तथा निर्माण की समयसीमा तय होना बाकी है।

परियोजना का उद्देश्य कोलकाता व इससे सटे जिलों- हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना को जोड़ते हुए महानगर के बाहरी हिस्से में ऐसा सड़क नेटवर्क तैयार करना है, जिससे लंबी दूरी के यातायात को शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत कम हो। कोना, बेलघरिया और कल्याणी एक्सप्रेसवे को जोड़ने की योजना से राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है। इससे राज्य के विभिन्न जिलों और दूसरे राज्यों के बीच आवागमन करने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा।

शहर के भीतर जाम और मालवाहक वाहनों का दबाव होगा कम

वर्तमान में पश्चिमी और दक्षिणी बंगाल सहित दूसरे राज्यों से आने वाले अनेक वाहन कोना एक्सप्रेसवे, बाली और बेलघरिया एक्सप्रेसवे तथा महानगर की व्यस्त सड़कों का इस्तेमाल करते हैं। उदाहरण के लिए, मेदिनीपुर से मुर्शिदाबाद जाने वाले मालवाहक वाहन कोलकाता के आसपास के व्यस्त मार्गों से गुजरते हैं। रिंग रोड तैयार होने पर ऐसे वाहनों को शहर के बाहरी हिस्से से ही आगे निकलने का विकल्प मिल सकता है।

महानगर के प्रमुख संपर्क मार्गों पर दबाव कम होने की उम्मीद

इससे विशेष रूप से कोना एक्सप्रेसवे, डानकुनी, बेलघरिया, दमदम और महानगर के प्रमुख संपर्क मार्गों पर दबाव कम होने की उम्मीद है। हालांकि, वास्तविक राहत इस बात पर निर्भर करेगी कि रिंग रोड को मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्गों, बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों से कितने प्रभावी ढंग से जोड़ा जाता है।

रिंग रोड का लाभ केवल लंबी दूरी के वाहनों तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के भीतर चलने वाले यातायात को भी राहत मिल सकती है। मालवाहक वाहनों की संख्या घटने से प्रमुख चौराहों पर जाम, यात्रा में लगने वाला समय और वाहनों से होने वाला प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है।

चार जिलों के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने की योजना

प्रारंभिक योजना के अनुसार रिंग रोड को कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना से होकर विकसित करने की परिकल्पना है। संभावित मार्ग में हावड़ा के पांचला और बाउड़िया, कोना एक्सप्रेसवे के अलावा उत्तर 24 परगना में बेलघरिया एक्सप्रेसवे और कल्याणी एक्सप्रेसवे जैसे संपर्क शामिल हैं।

कोलकाता से सटे दक्षिणी हिस्से में बजबज के पास हुगली नदी पर नए पुल की संभावना भी जताई गई है। इसके बाद महेशतला, गार्डेनरीच, डायमंड हार्बर रोड, आमतला, सोनारपुर और बारुईपुर से संपर्क बनाने की योजना सामने आई है। पूर्वी हिस्से में बसंती हाईवे और बसीरहाट की ओर संपर्क की संभावना भी बताई गई है।
हालांकि, इन क्षेत्रों को अभी अंतिम मार्ग का हिस्सा मानना जल्दबाजी होगी। डीपीआर में ही सड़क की वास्तविक लंबाई, चौड़ाई, एलिवेटेड और सतही हिस्सों, पुलों, फ्लाईओवरों, जमीन अधिग्रहण तथा मौजूदा सड़कों से जुड़ाव का निर्धारण होगा।

रिपोर्ट के अनुसार, रिंग रोड की डीपीआर के लिए एनएचएआई की ओर से परामर्शदाता के चयन के लिए सितंबर में पहली बार जारी निविदा पर कोई बोली नहीं मिली थी। इसके बाद दूसरी निविदा जारी की गई है। ऐसे में परियोजना के लिए सलाहकार का चयन और विस्तृत मार्ग निर्धारण अगली बड़ी चुनौती है।

यह भी पढ़ें: बंगाल में पीई शिक्षकों के लिए नया आदेश : नवंबर तक स्पोर्ट्स पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य, तैयार होगा राष्ट्रीय डेटाबेस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।