बंगाल में पीई शिक्षकों के लिए नया आदेश : नवंबर तक स्पोर्ट्स पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य, तैयार होगा राष्ट्रीय डेटाबेस
पश्चिम बंगाल के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को 'नेशनल स्पोर्ट्स रिपॉजिटरी सिस्टम' पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराना होगा।

इस पोर्टल पर आधार-आधारित सत्यापन के साथ सभी पीई शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, विशेष खेल दक्षता और अब तक की उपलब्धियों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
HighLights
बंगाल में पीई शिक्षकों का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य।
नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करने का लक्ष्य।
खेल नीति, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास में सहायक।
जासं, कोलकाता । पश्चिम बंगाल के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षा (पीई) शिक्षकों को 'नेशनल स्पोर्ट्स रिपॉजिटरी सिस्टम' पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने का निर्देश जारी किया है।
केंद्र सरकार की 'खेलो भारत' नीति के तहत इस प्रक्रिया को नवंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विभागीय आदेश के अनुसार, इस पोर्टल पर आधार-आधारित सत्यापन के साथ सभी पीई शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, विशेष खेल दक्षता और अब तक की उपलब्धियों का विस्तृत ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश भर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार करना है।
जिससे भविष्य में खेल संबंधी नीतियों के निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास और शिक्षकों के कौशल उन्नयन (स्किल डेवलपमेंट) में सीधा लाभ मिल सके।
जिला अधिकारियों को सौंपी गई निगरानी की जिम्मेदारी
पंजीकरण की प्रक्रिया को सुगम और त्रुटिरहित बनाने के लिए पोर्टल पर एक मार्गदर्शक वीडियो ट्यूटोरियल और गूगल फॉर्म का लिंक भी उपलब्ध कराया गया है।
राज्य भर के जिला स्कूल निरीक्षकों (डीआई) और खेल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी स्कूल प्रमुखों तक ये दिशा-निर्देश समय पर पहुंचाएं और पंजीकरण की निगरानी सुनिश्चित करें।
इस सरकारी पहल पर 'बंगिया शिक्षक ओ शिक्षकोर्मी समिति' के महासचिव स्वपन मंडल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि यदि इस डेटाबेस के माध्यम से स्कूलों में शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य विषय बनाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का लक्ष्य पूरा होता है, तो यह शिक्षा व खेल जगत के लिए एक अत्यंत स्वागतयोग्य कदम साबित होगा।