बंगाल में भाजपा की शहीद सम्मान यात्रा में बाधा, केंद्रीय मंत्री समेत 343 गिरफ्तार, पुलिस का दावा, शांतनु ठाकुर खुद पुलिस के वाहन में चढ़े
दिलीप घोष ने ममता सरकार पर लगाया यात्रा में बाधा देने का आरोप पुलिस ने बिना अनुमति के यात्रा निकालने के आरोप में कई भाजपा नेताओं को किया गिरफ्तार। बंगाल में भाजपा ने शुरू की शहीद सम्मान यात्राकेंद्रीय मंत्री जान बारला ने कहा- बंगाल में चल रहा है तालिबानी शासन।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए भाजपा की प्रदेश इकाई ने मंगलवार को राज्य में चार जगहों से तीन दिवसीय शहीद सम्मान यात्रा शुरू की। हालांकि इसको लेकर दिन भर सियासी बवाल मचा रहा। यात्रा के आरंभ में ही पुलिस ने कोविड प्रतिबंधों के बीच बिना अनुमति के इकट्ठा होने के आरोप में कोलकाता समेत विभिन्न जगहों पर बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
भाजपा ने पुलिस पर यात्रा में बाधा देने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर समेत 343 नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने दावा किया कि उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के बिराती में पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे यात्रा के तहत मंदिर में पूजा करने आए थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि ठाकुर खुद पुलिस के वाहन में चढ़े, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया।ठाकुर ने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र और अध्यात्मवाद समाप्त हो चुका है।
वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर शहीद सम्मान यात्रा में बाधा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। कोरोना महामारी के नाम पर ममता सरकार भाजपा की यात्रा को रोकने की कोशिश कर रही है। दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री व अलीपुरद्वार से सांसद जान बारला ने कहा कि बंगाल में तालिबानी शासन चल रहा है। उन्होंने कहा कि दीदी डर गई हैं और आरोप लगाया कि विकास के नाम पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) आतंकी हथकंडे और प्रताड़ना का सहारा ले रही है।
बंगाल से चार केंद्रीय मंत्रियों के नेतृत्व में शुरू हुई यात्रा
हाल में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए गए बंगाल से केंद्र में चारों मंत्री सुभाष सरकार, जान बारला, शांतनु ठाकुर और निशिथ प्रमाणिक इस यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं और हिंसा में मारे गए पार्टी कार्यकर्ताओं के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।यह यात्रा मंदिर, मठ, गुरूद्वारा और शहीदों के घरों से होते हुए गुजरेगी। केंद्रीय मंत्रियों के अलावा बंगाल से पार्टी के सभी सांसद व विधायक एवं अन्य वरिष्ठ नेता भी इस यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं। इधर, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि सिलीगुड़ी से 240, हुगली के उत्तरपारा से 21, उत्तर 24 परगना के बिराती से 78 और कोलकाता से चार भाजपाइयों को गिरफ्तार किया गया।
केंद्रीय मंत्री सुभाष सरकार ने भी यात्रा रोके जाने का लगाया आरोप
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुभाष सरकार, जो कोलकाता में भाजपा के राज्य मुख्यालय से बर्द्धमान शहर तक 'शहीद सम्मान यात्रा' के एक हिस्से का नेतृत्व करने वाले थे, ने भी दावा किया कि उन्हें पुलिस ने पार्टी समर्थकों के साथ यात्रा करने से रोक दिया। हालांकि उन्होंने अपनी कार में अपनी यात्रा जारी रखी और रास्ते में बेलूर मठ का दौरा किया।
राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ रहा है बंगाल : भाजपा सांसद
इधर, दार्जिलिंग से भाजपा सांसद व राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्ट ने कहा कि बंगाल राष्ट्रपति शासन की ओर बढ़ रहा है और हम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से ममता बनर्जी के दमन के शासन से हमें बचाने का आग्रह करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे बंगाल में ‘चुनाव के बाद की हिंसा’ में 150 से अधिक पार्टी कार्यकर्ता मारे गए और उनकी याद में ‘शहीद सम्मान यात्रा’ शुरू की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।