विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा के सत्ता में आने के बाद 5वां एनकाउंटर, पश्चिम बंगाल में पुलिस पर गोली चलाने वाला आरोपी ढेर

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:44 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2026 07:51 PM (IST)

बंगाल में पुलिस पर गोली चलाने के आरोपी रतन शेख को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जो पिछले पांच महीनों में राज्य का पांचवां पुलिस एनकाउंटर है।

बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में आरोपी रतन शेख मारा गया। (फोटो- सोशल मीडिया)

बीरभूम में पुलिस मुठभेड़ में आरोपी रतन शेख मारा गया। (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. पुलिस पर गोली चलाने वाला रतन शेख मुठभेड़ में मारा गया।

  2. यह बंगाल में पिछले पांच महीनों का पांचवां एनकाउंटर है।

  3. पुलिस ने सभी मुठभेड़ों में आत्मरक्षा का दावा किया है।

जागरण संवाददाता, कोलकाता। बंगाल में अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावों के बीच पुलिस एनकाउंटर का सिलसिला भी लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले पांच महीने में राज्य में पांचवां पुलिस एनकाउंटर हुआ है।

रविवार को बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन में पुलिस पर गोली चलाने के आरोपित रतन शेख को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।

इससे पहले जुलाई से नवंबर के बीच चार अलग-अलग घटनाओं में पुलिस की गोली से चार आरोपितों की मौत हो चुकी है। खास बात यह है कि इन पांचों घटनाओं में तीन मामले नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म और हत्या के आरोपों से जुड़े हैं, जबकि दो मामले हत्या के आरोपितों से संबंधित हैं।

हर घटना के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाने की दलील दी है। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस को खुली छूट देने की बात कही है।

कांस्टेबल को गोली मारकर फरार हुआ था रतन

ताजा मामला बीरभूम जिले के शांतिनिकेतन थाना क्षेत्र के लायकबाजार का है। शुक्रवार शाम पुलिस की टीम कुख्यात अपराधी रतन शेख को पकड़ने पहुंची थी।

पुलिस के अनुसार, रतन ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर गोली चला दी। इसमें कांस्टेबल विश्वजीत दास के बाएं पैर में गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले बोलपुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बाद में बर्द्धमान मेडिकल कालेज और अस्पताल तथा वहां से कोलकाता के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।

बोलपुर, नानूर, कीर्णाहार और शांतिनिकेतन थाना क्षेत्रों में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, राष्ट्रीय राजमार्गों और होटलों पर निगरानी बढ़ाई गई।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को घायल कांस्टेबल से अस्पताल में मुलाकात की थी। उन्होंने पुलिसकर्मी के साहस की सराहना करते हुए दोषी को कड़ी सजा दिलाने की बात कही थी।

इसके करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस ने रतन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह उसे हथियार बरामद कराने के लिए एक स्थान पर ले गई थी। वहां पहले से छिपाकर रखे गए पिस्तौल को निकालकर रतन ने पुलिस पर गोली चला दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से उसकी मौत हो गई। रतन के खिलाफ चोरी, लूट, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जा रहा है कि हाल ही में उसे कई मामलों में जमानत मिली थी।

बारुईपुर से रायगंज तक चार एनकाउंटर

इससे पहले आठ जुलाई को दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस गोलीबारी में मौत हुई थी। पुलिस उसे घटनास्थल पर अपराध के पुनर्निर्माण के लिए ले गई थी। पु

लिस का दावा था कि उसने एक अधिकारी की सर्विस रिवाल्वर छीनकर भागने और गोली चलाने की कोशिश की थी। दूसरी घटना 27 अक्टूबर को उत्तर 24 परगना के गायघाटा में हुई।

यहां नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित प्रह्लाद दास को पुलिस ने गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, अपराध स्थल से लौटते समय उसने पुलिसकर्मी की रिवाल्वर छीनकर गोली चलाई थी।

इसी दिन मुर्शिदाबाद के समशेरगंज में भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मंडल की हत्या के आरोपित सामिउल शेख की भी पुलिस गोलीबारी में मौत हुई। पुलिस का कहना था कि घटनास्थल के पुनर्निर्माण के दौरान उसने एक अधिकारी का हथियार छीनने की कोशिश की थी।

चौथी घटना नौ नवंबर को उत्तर दिनाजपुर के रायगंज के निकट हुई। यहां नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित दिलीप राय को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार, वह बंगाल-बिहार सीमा के निकट गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहा था और उसने पुलिस दल पर गोली चलाई थी।

इस तरह पांच महीने में पांच अलग-अलग घटनाओं में पांच आरोपित पुलिस की गोली से मारे जा चुके हैं। इन सभी मामलों में पुलिस की ओर से आत्मरक्षा में कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बीच हर मामले की निष्पक्ष जांच, पुलिस कार्रवाई की परिस्थितियों और न्यायिक प्रक्रिया का पालन भी महत्वपूर्ण हो गया है।

यह भी पढ़ें- बंगाल: पानीहाटी में विवाद सुलझाने गए भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, TMC से BJP में आए समर्थकों पर हमले का आरोप

यह भी पढ़ें- 'मृत' बंगाली कारीगर ने हड़प लिया 96 लाख का सोना, मेरठ के सर्राफ ने जेवर बनाने के लिए दिया था सोना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।