विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर: भारी बारिश से धान की फसल पर संकट, किसानों ने मांगा मुआवजा

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:28 PM (IST)

चक्रवात अकवान के कारण दक्षिण बंगाल में हुई भारी बारिश से अमन धान की फसलें खेतों में गिरकर डूब गईं, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

अकवान चक्रवात से दक्षिण बंगाल में भारी बारिश हुई (यह तस्वीर AI से बनाई गई है)

अकवान चक्रवात से दक्षिण बंगाल में भारी बारिश हुई (यह तस्वीर AI से बनाई गई है)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात अकवान के प्रभाव से बने निम्न दबाव के कारण दक्षिण बंगाल में लगातार दो दिनों तक चली बारिश ने खेती-किसानी का संकट बढ़ा दिया है। खेतों में पककर तैयार अमन धान की फसल गिरने और पानी में डूबने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पूर्व बर्द्धमान से लेकर मुर्शिदाबाद तक कई इलाकों में खेतों में जलभराव के कारण कटाई प्रभावित हो रही है। वहीं, आलू की बुआई की तैयारी भी पिछड़ने लगी है। किसानों को आशंका है कि बारिश का दौर जारी रहा तो धान की गुणवत्ता और अगली फसलों की पैदावार, दोनों पर असर पड़ेगा।

बारिश का अंदाजा मौसम विभाग के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। 20 नवंबर को 24 घंटे में नदिया जिले के कल्याणी में 91.8 मिमी और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाइकुंडा में 89.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, 21 नवंबर की सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटों में दीघा में 176 मिमी, पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में 105 मिमी और सागर द्वीप में 85 मिमी बारिश हुई।

धान की कटाई अटकी, गुणवत्ता बिगड़ने का डर

पूर्व बर्द्धमान के रायना और खंडघोष में पकी अमन धान की फसल बड़े क्षेत्र में खेतों में गिर गई है। दक्षिण दामोदर क्षेत्र में गोविंदभोग धान की खेती करने वाले किसानों को भी भारी नुकसान की आशंका है। किसानों के अनुसार, धान की कटाई शुरू होने में पांच से सात दिन बाकी थे, लेकिन बारिश ने फसल को खेतों में गिरा दिया।

पानी जमा रहने से धान की बालियों में अंकुर निकलने और गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। पूर्व बर्द्धमान में करीब 2.73 लाख हेक्टेयर में अमन धान की खेती हुई है।

मुर्शिदाबाद के सागारदिघी में भी कई बीघा धान पानी में डूबा है। किसान अमल दास की पांच बीघा फसल पर संकट है। उनका कहना है कि कर्ज लेकर खेती की थी और अब फसल घर लाना भी मुश्किल हो रहा है।

आलू, सरसों और फूलों की खेती पर भी असर

खेतों में जलभराव से आलू की बुआई में देरी होने की आशंका है। कुछ खेतों में पहले से बोए गए आलू के बीज सड़ने का डर है। किसानों को चिंता है कि धान की कटाई में देरी हुई तो सरसों की खेती का समय भी निकल जाएगा।

दूसरी ओर, कालना में बारिश के कारण फूलगोभी की फसल समय से पहले काटकर बेचनी पड़ रही है, जिससे बाजार में आवक बढ़ने से कीमतें गिर रही हैं। पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा में फूलों की खेती भी प्रभावित हुई है।

राज्य के कृषि मंत्री दूध कुमार मंडल ने जिलों से फसल क्षति की रिपोर्ट मांगी है। प्रभावित किसानों ने नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- बिहार में किसानों के लिए अहम समय पर मौसम की मार, सरसों व गेहूं की बोआई के ऐन वक्त पर चक्रवात अकवान

यह भी पढ़ें- चक्रवात अकवान ने छीनी किसानों की मुस्कान, ओडिशा के कंधमाल में बारिश से आलू और सब्जियों की फसल बर्बाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।