विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में किसानों के लिए अहम समय पर मौसम की मार, सरसों व गेहूं की बोआई के ऐन वक्त पर चक्रवात अकवान

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:21 PM (IST)

Bihar Weather Update : चक्रवात अकवान के प्रभाव से मुजफ्फरपुर में मौसम बदलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से सरसों व गेहूं की बोआई प्रभावित होने की आशंका है, जिससे कृषि कार्यों में देरी हो सकती है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. चक्रवात अकवान से मुजफ्फरपुर में मौसम का मिजाज बदला।

  2. सरसों और गेहूं की बोआई पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका।

  3. लगातार बादल और बूंदाबांदी से किसानों की चिंता बढ़ी।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सरसों की बोआई का यह सबसे उपयुक्त समय है, वहीं गेहूं की खेती की तैयारी भी जोर पकड़ रही है। ऐसे में चक्रवात अकवान के प्रभाव से बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

आसमान में लगातार बादल छाए रहने, बूंदाबांदी और तापमान में गिरावट से खेतों में नमी बढ़ने की आशंका है। इससे गेहूं और सरसों की बोआई प्रभावित हो सकती है।

रविवार को जिले में पूरे दिन धूप नहीं निकली। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी होती रही। पुरवा हवा चलने से मौसम में ठंडक भी बढ़ गई।

धूप गायब, दिनभर छाए रहे बादल

रविवार की सुबह लोगों को सूर्य के दर्शन नहीं हुए। आसमान में बादल छाए रहने के कारण दिनभर धूप नहीं निकली। इस बीच कई बार हल्की बूंदाबांदी भी हुई। इससे पहले शनिवार की शाम भी जिले के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई थी। मौसम में आए इस बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट महसूस की गई।

गेहूं और सरसों की बोआई पर पड़ सकता है असर

मौसम के बदले मिजाज ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। इस समय खेतों में रबी फसलों की बोआई की तैयारी चल रही है। सरसों की बोआई के लिए यह महत्वपूर्ण समय है। वहीं गेहूं की बोआई भी शुरू होने वाली है। ऐसे में लगातार बादल छाए रहने और बूंदाबांदी से खेतों की स्थिति प्रभावित हो सकती है। किसानों को आशंका है कि मौसम की यही स्थिति बनी रही तो बोआई का काम प्रभावित होगा और कृषि कार्यों में देरी हो सकती है।

जैकेट और स्वेटर में नजर आए लोग

पुरवा हवा चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई। दिन में भी लोगों को ठंड महसूस हुई। सड़कों पर लोग जैकेट और स्वेटर पहने नजर आए। शाम होते-होते ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई।

27.8 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र, डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अनुसार शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान हवा की गति तीन किलोमीटर प्रति घंटे रिकॉर्ड की गई।

अगले दो दिनों तक रहेगा चक्रवात का असर

मौसम में आए बदलाव के पीछे चक्रवात अकवान का प्रभाव बताया जा रहा है। इसका असर आने वाले दो दिनों तक बने रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों की निगाहें मौसम के अगले रुख पर टिकी हैं। यदि बादल और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा तो रबी फसलों की बोआई की तैयारी प्रभावित हो सकती है।

यह भी पढ़ें- अब दरभंगा में ही मिलेगी नौकरी, औद्योगिक क्षेत्र से तकनीकी हुनरमंदों को मिलेगा मौका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।