अब दरभंगा में ही मिलेगी नौकरी, औद्योगिक क्षेत्र से तकनीकी हुनरमंदों को मिलेगा मौका
Skill Development : दरभंगा में आईटीआई के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। एक दीक्षा समारोह में मंत्री मदन सहनी ने कौशल विकास और रोजगार सृजन पर जोर दिया, जहां मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया।

दरभंगा में दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मध निषेध मंत्री मदन सहनी। सौजन्य-स्वयं
HighLights
आईटीआई के पास औद्योगिक क्षेत्र से स्थानीय युवाओं को रोजगार।
मंत्री मदन सहनी ने कौशल विकास और रोजगार सृजन पर जोर दिया।
मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया, नई तकनीक सीखने की प्रेरणा।
संवाद सहयोगी, बहादुरपुर (दरभंगा)। Technical Jobs in Bihar: अब हुनर सीखने के बाद नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों की दौड़ लगाने वाले युवाओं के लिए अपने ही जिले में रोजगार के रास्ते खुल सकते हैं। दरभंगा में आइटीआइ के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।
इसका सबसे अधिक लाभ तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को मिल सकता है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआइ) में शनिवार को आयोजित दीक्षा समारोह एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने युवाओं के रोजगार और कौशल विकास को लेकर यह महत्वपूर्ण बात कही।
औद्योगिक क्षेत्र से अपने जिले में मिलेगा काम
मंत्री मदन सहनी ने कहा कि आइटीआइ के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने से सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बनेंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही काम मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। राज्य सरकार का एक करोड़ युवाओं को रोजगार एवं अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसमें आइटीआइ से प्रशिक्षित युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
13 ट्रेडों के मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न ट्रेडों के मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। परीक्षा में फिटर ट्रेड के कृष्णा कुमार ने 1200 में 1140 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की रूपम कुमारी 1137 अंकों के साथ दूसरे और टर्नर ट्रेड के सुमन कुमार 1125 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। सभी 13 ट्रेडों में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आए करीब 40 प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया।
नई तकनीक सीखेंगे तो बढ़ेंगे रोजगार के मौके
विशिष्ट अतिथि कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बताया। दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. चंदन कुमार ने अनुशासन, कौशल विकास और शैक्षणिक संस्थानों के बीच समन्वय पर जोर दिया।
सहायक निदेशक नीतीश सिन्हा ने प्रशिक्षुओं से नई तकनीक, डिजिटल पहल, नवाचार और उद्यमिता से जुड़ने की अपील की। राजकीय पालिटेक्निक के प्राचार्य अभय कुमार शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुरूप प्रशिक्षण और मशीनों के उन्नयन को जरूरी बताया।
इसरो और डीआरडीओ तक पहुंच रहे प्रशिक्षु
संस्थान के उप प्राचार्य बबलू कुमार यादव ने बताया कि यहां के प्रशिक्षु इसरो और डीआरडीओ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम कर रहे हैं। संस्थान में टाटा टेक्नोलाजीज उत्कृष्टता केंद्र, प्रशिक्षुता, इंटर्नशिप और कौशल विकास योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं। आठ बिहार बटालियन राष्ट्रीय कैडेट कोर के तहत प्रशिक्षण की व्यवस्था भी है।
लोकसंस्कृति से सजी दीक्षांत समारोह की शाम
कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने झिझिया, कजरी, उगना और सामा-चकेवा की प्रस्तुति देकर मिथिला की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। मुख्य अतिथि मदन सहनी ने प्रशिक्षुओं की सफलता को मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम बताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। प्राचार्य विकास कुमार रजक ने अतिथियों का पौधा और मिथिला की पारंपरिक पाग-चादर देकर स्वागत किया। मंच संचालन रवि प्रकाश और प्रियंका पटेल ने किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।