वाल्मीकिनगर में 56.42 करोड़ से बने स्वाभिमान बटालियन मुख्यालय का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
Bihar Tribal Women Police Battalion: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से वाल्मीकिनगर स्थित बिहार स्वाभिमान विशेष सशस्त्र बल मुख्यालय का वर्चुअल उद्घाटन किया। 56.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अत्याधुनिक मुख्यालय महिला पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण और मनोबल को बढ़ावा देगा।

करीब 56 करोड़ 42 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बने मुख्यालय में प्रशासनिक भवन, क्लास रूम, पुलिस भवन, आवासीय क्वार्टर, बैरक, अस्पताल, जिम, मेस की सुविधाएं हैं।
संवाद सूत्र, वाल्मीकिनगर (पश्चिमी चंपारण)। Swabhiman Battalion Headquarters Valmikinagar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले के राजापाकड़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की सौगात दी।
इसी क्रम में उन्होंने वाल्मीकिनगर स्थित बिहार स्वाभिमान विशेष सशस्त्र बल मुख्यालय का वर्चुअल उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम का साक्षी वाल्मीकिनगर स्थित स्वाभिमान बटालियन परिसर बना, जहां पश्चिम चंपारण रेंज के डीआइजी हरि किशोर राय को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस मुख्यालय
स्वाभिमान बटालियन का गठन बिहार सरकार ने 16 नवंबर 2014 को किया था। वाल्मीकिनगर में इसके मुख्यालय का निर्माण 14 नवंबर 2023 से शुरू हुआ और 15 मई 2025 को पूरा हुआ।
करीब 56 करोड़ 42 लाख 48 हजार रुपये की लागत से बने मुख्यालय में प्रशासनिक भवन, क्लास रूम, पुलिस भवन, आवासीय क्वार्टर, बैरक, अस्पताल, जिम, मेस, पार्क, परेड ग्राउंड समेत इनडोर व आउटडोर प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
महिला पुलिसकर्मियों का बढ़ रहा मनोबल
मुख्यालय में वर्तमान में बेतिया, दरभंगा और सुपौल जिले की 659 नवनियुक्त महिला पुलिसकर्मी प्रशिक्षण ले रही हैं, जबकि इससे पहले प्रथम बैच में 266 महिला पुलिसकर्मी पासआउट हो चुकी हैं।
स्वाभिमान बटालियन की समादेष्टा निर्मला कुमारी ने कहा कि जनजातीय महिलाओं की इस विशिष्ट वाहिनी के भवनों का उद्घाटन होने से प्रशिक्षण ले रही महिला पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा।
कार्यक्रम में सांसद सुनील कुमार, विधायक सुरेंद्र प्रसाद, एसपी राजेश कुमार, एडीएम अमरेंद्र कुमार, वरीय पुलिस उपाधीक्षक विनीता सिंहा, बीडीओ बिड्डू कुमार और थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।