चक्रवात अकवान ने छीनी किसानों की मुस्कान, ओडिशा के कंधमाल में बारिश से आलू और सब्जियों की फसल बर्बाद
चक्रवात अकवान के कारण हुई लगातार बारिश ने ओडिशा के कंधमाल जिले में किसानों की आलू समेत कई सब्जियों की फसलें बर्बाद कर दी हैं।
-1795324280252_m.webp)
बारिश से खेतों में गिरी फसल। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
चक्रवात अकवान की बारिश से आलू और सब्जियां बर्बाद।
कर्ज में डूबे किसान, मुआवजे की कर रहे मांग।
कंधमाल जिले में खेती को भारी नुकसान पहुंचा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। चक्रवात अकवान भले ही कमजोर पड़ गया और व्यापक तबाही मचाए बिना आगे बढ़ गया, लेकिन जाते-जाते अपने पीछे किसानों के लिए बड़ी मुसीबत छोड़ गया।
चक्रवात के प्रभाव से हुई लगातार बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खेतों में पानी भरने से आलू समेत कई सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है।
जिन फसलों से किसानों को अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, वे अब खेतों में ही सड़ने के कगार पर हैं। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान अब अपनी पूंजी डूबने और कर्ज चुकाने की चिंता में डूबे हैं।
कंधमाल जिले के जी. उदयगिरि ब्लाक की लगभग सभी पंचायतों में लगातार बारिश का असर खेती पर पड़ा है। सबसे अधिक नुकसान आलू की खेती करने वाले किसानों को हुआ है।
ग्रेसिंगिया पंचायत के किसान अनंग प्रधान समेत कई किसानों ने विभिन्न खेतों में आलू की खेती की थी। उन्हें अच्छी पैदावार और बेहतर आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया और आलू की फसल बर्बाद हो गई।
कर्ज लेकर की थी खेती, अब रोजी-रोटी की चिंता
किसानों के मुताबिक, आलू के बीज खरीदने, खेत तैयार करने और खेती के अन्य कार्यों में उन्होंने कर्ज लेकर पूंजी लगाई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति खेती से होने वाली आमदनी पर निर्भर थी।
फसल तैयार होने से पहले ही बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब किसानों के सामने एक ओर फसल बर्बादी का संकट है तो दूसरी ओर कर्ज चुकाने की चिंता सता रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले चक्रवात अर्णव के प्रभाव से हुई भारी बारिश और भूस्खलन ने भी इस क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया था। कई जगहों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं और खेती प्रभावित हुई थी। अब चक्रवात अकवान के प्रभाव से हुई बारिश ने खेतों में बची-खुची फसल को भी चौपट कर दिया है।
लगातार प्राकृतिक आपदाओं की मार झेल रहे किसानों को अब प्रशासन से राहत की उम्मीद है। कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन से प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर फसल क्षति का आकलन करने तथा किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग उठ रही है।
किसानों का कहना है कि समय पर सरकारी सहायता नहीं मिली तो उनके लिए आर्थिक संकट से उबरना मुश्किल हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में उद्योगों को बड़ी राहत: कंपनियों के विलय-पुनर्गठन पर MSME का स्टांप शुल्क 100% माफ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।