बंगाल भाजपा में 'नए बनाम पुराने' की लड़ाई तेज, पार्टी में ही अब SIR की उठी मांग
बंगाल भाजपा में पुराने और नए नेताओं के बीच खींचतान सार्वजनिक हो गई है। नंदीग्राम के भाजपा नेता प्रलय पाल ...और पढ़ें

बंगाल भाजपा में तृणमूल से आए नेताओं पर वसूली के आरोपों पर सवाल उठे (फाइल फोटो- शुभेंदु अधिकारी)
HighLights
प्रलय पाल ने भाजपा में विशेष गहन पुनरीक्षण की मांग की
तृणमूल से आए नेताओं पर वसूली के आरोपों पर सवाल उठे
बंगाल भाजपा में पुराने और नए नेताओं में खींचतान बढ़ी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच खींचतान अब सार्वजनिक होने लगी है।
पार्टी में तृणमूल कांग्रेस से आए नेताओं की भूमिका और वसूली की शिकायतों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम के एक स्थानीय भाजपा नेता प्रलय पाल ने अपनी ही पार्टी में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने की मांग कर दी है।
मंगलवार को फेसबुक पर की गई उनकी दो पंक्तियों की पोस्ट ने प्रदेश भाजपा के भीतर नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने लिखा, 'चोर भी अपना रंग बदल रहे हैं। जय बांग्ला छोड़कर जय श्रीराम! पार्टी में भी जल्द एसआइआर की जरूरत है।'
उनकी इस टिप्पणी को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से भाजपा में शामिल हुए ऐसे नेताओं के खिलाफ निशाने के रूप में देखा जा रहा है, जिन पर पहले तृणमूल में रहते हुए वसूली, कटमनी और भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं।
तृणमूल से आए नेताओं पर उठाए सवाल
प्रलय पाल का इशारा उन नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर माना जा रहा है, जो पहले तृणमूल कांग्रेस के साथ रहकर कथित तौर पर वसूली और कटमनी की राजनीति करते थे और अब भाजपा में शामिल होकर पार्टी का नारा लगा रहे हैं। उनका तर्क है कि केवल राजनीतिक दल और नारे बदलने से किसी का चरित्र नहीं बदल जाता।
उन्होंने कहा कि जिस तरह चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान संदिग्ध और अपात्र नामों की जांच की, उसी तरह भाजपा को भी अपने संगठन के भीतर छंटनी करनी चाहिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहले भी संगठन में अनुशासन, भ्रष्टाचार और वसूली की शिकायतों को लेकर कड़ी चेतावनी दे चुके हैं।
सत्ता परिवर्तन के बाद दूसरे दलों से बड़ी संख्या में नेताओं के भाजपा में आने की आशंका के बीच अब पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी सामने आने लगी है। प्रलय पाल की पोस्ट को इसी अंदरूनी असंतोष से जोड़कर देखा जा रहा है।
ममता के फोन काल से चर्चा में आए थे प्रलय
प्रलय पाल वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान काफी चर्चा में आए थे। उस समय नंदीग्राम से तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार थीं, जबकि भाजपा ने शुभेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा था। चुनाव प्रचार के दौरान प्रलय पाल और ममता बनर्जी के बीच कथित फोन बातचीत का आडियो वायरल हुआ था।
दावा किया गया था कि ममता ने उनसे चुनाव में मदद मांगी थी। बाद में ममता ने स्वयं प्रलय को फोन करने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, प्रलय ने शुभेंदु अधिकारी का साथ नहीं छोड़ा और भाजपा के पक्ष में प्रचार किया।
विधानसभा चुनाव के बाद शुभेंदु और प्रलय के राजनीतिक संबंधों में बदलाव की चर्चाएं भी सामने आई थीं। वर्ष 2023 में प्रलय ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए राजनीति छोड़ने की घोषणा भी की थी।
उस समय उन्होंने संकेत दिया था कि 2021 के चुनाव के बाद पार्टी में आए नए लोगों के लिए जगह बनाने के कारण वह पीछे हट रहे हैं। हालांकि, बाद में वह भाजपा में बने रहे। अब उनकी ताजा पोस्ट ने एक बार फिर भाजपा के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच संबंधों को लेकर बहस तेज कर दी है।
पानीहाटी की भाजपा विधायक ने भी हाल में खुलकर जताई थी नाराजगी
उधर, हाल में उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में भाजपा कार्यकर्ता अरूप साहा की मौत के बाद स्थानीय विधायक व आरजी कर पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ की टिप्पणी को लेकर भी पार्टी में असहजता बढ़ा दी थी।
उन्होंने भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय की कमी पर खुलकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि लगता है कि बंगाल में भाजपा की जीत नहीं होती तो शायद अच्छा होता।
यह भी पढ़ें- बंगाल सरकार की पहल: CAA के तहत योग्य शरणार्थियों की पहचान और नागरिकता प्रक्रिया
यह भी पढ़ें- सिंगुर से साणंद तक, अब गुजरात के औद्योगिक मॉडल से बंगाल को संवारने की तैयारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।