विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 04, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अभिनेता जीत ने पुरस्कार इसलिए ठुकराया, प्रायोजक चीनी थे, बोले-सीमा पर लड़ नहीं सकता पर...

By Vijay KumarEdited By:
Published: Sat, 04 Jul 2020 06:47 PM (IST)

बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार जीत ने एक संस्था की तरफ से उन्हें दिए जा रहे सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार को इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि उसकी प्रायोजक एक चीनी कंपनी थी।

अभिनेता जीत ने पुरस्कार इसलिए ठुकराया, प्रायोजक चीनी थे, बोले-सीमा पर लड़ नहीं सकता पर...
अभिनेता जीत ने पुरस्कार इसलिए ठुकराया, प्रायोजक चीनी थे, बोले-सीमा पर लड़ नहीं सकता पर...

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार जीत ने एक संस्था की तरफ से उन्हें दिए जा रहे सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार को इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि उसकी प्रायोजक एक चीनी कंपनी थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उक्त संस्था की तरफ से ऑनलाइन वोटिंग कराई गई थी, जिसमें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार के लिए जीत को सबसे ज्यादा वोट मिले थे।

जीत को जब पता चला कि पुरस्कार की प्रायोजक एक चीनी कंपनी है तो उन्होंने इसे स्वीकार करने से साफ मना कर दिया। जीत ने कहा कि सीमा पर लड़ने नहीं जा सकता लेकिन अपने देश की खातिर इतना तो कर ही सकता हूं। जिन लोगों ने मुझे वोट दिया है, वे मुझसे प्यार करते हैं। उन्हें असंख्य धन्यवाद। पुरस्कार मिलने पर किसे अच्छा नहीं लगता। परिवार के सदस्य, बंधु, रिश्तेदार सभी खुश होते हैं। घर के बच्चों को तो ट्रॉफी देखकर सबसे ज्यादा खुशी होती है लेकिन इस परिस्थिति में उक्त संस्था से यह पुरस्कार लेने का मेरा बिलकुल मन नहीं हो रहा।

जीत ने आगे कहा कि मुझे निजी तौर पर किसी से कोई समस्या नहीं है लेकिन इस समय चीन के साथ हमारे आपसी संबंध अच्छे नहीं हैं।  चीन के आक्रामक रवैये के कारण हमारे कई सैनिकों को शहीद होना पड़ा। इस स्थिति में मैं किसी भी तरह से यह पुरस्कार स्वीकार नहीं कर पाऊंगा।