पर्यटकों के लिए खुला काफी दिनों से बंद पड़ा बक्सा फोर्ट
- सुभाषिनी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किया अधिकारिक उद्घाटन

- सुभाषिनी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किया अधिकारिक उद्घाटन जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी: भारत की आजादी की याद ताजा करने वाले बक्सा किले का जीर्णोद्धार कर पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुभाषिनी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक तौर पर बक्सा फोर्ट का उद्घाटन किया। बक्सा फोर्ट के जेलों का जिस प्रकार जीर्णोद्धार किया गया है, उसी प्रकार घास, फूल और रोशनी लगाकर पर्यटकों के लिए आकर्षणीय बनाया गया है।
राज्य सरकार की पहल पर ही बर्बाद हुए बक्सा फोर्ट का जीर्णोद्धार किया गया है। पहले चरण में पर्यटकों के लिए बक्सा फोर्ट को खोला गया है। इस वजह से अब बक्सा के निवासियों को नए सिरे से जीने के लिए संजीवनी मिल गई है। पर्यटक यहां के लोगों के लिए आर्थिक रीढ़ है। संतला बारी से बक्सा सेंटर तक ट्रेकिंग करने के लिए काफी संख्या में पर्यटक बक्सा पहाड़ पर आते हैं। इतने दिनों तक बक्सा फोर्ट में प्रवेश करने पर रोक लगी हुई थी। वहीं बक्सा के खुलने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग यहां आने लगे हैं। अलीपुरद्वार जिले में बक्सा फोर्ट समुद्र तल से लगभग 2844 फीट ऊपर है। राज्य सरकार की पहल पर पहले चरण में तीन करोड़ एक लाख लाख रुपये की लागत से बक्सा फोर्ट का जीर्णोद्धार किया गया है। कलकत्ता के कैल्टेक ने इतिहास को विकृत किए बिना बक्सा फोर्ट का काम पूरा किया है। पुरातत्वविद् तमाल गोस्वामी के परामर्श पर उक्त काम हुआ है। पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फोर्ट के अंदर एक कैफेटेरिया भी स्थापित किया जा रहा है। ब्रिटिश विरोधी प्रदर्शनकारियों को इस भारतीय बक्सा जेल में रखा गया जाता था। सेल्युलर जेल के साथ-साथ उस समय की कुख्यात जेल के तौर पर बक्सा जेल का नाम शामिल था। यहां कैदियों को बहुत छोटी सी कोठरी में रखा जाता था।
बक्सा हिल्स निवासी इंद्र शकर थापा ने कहा कि बक्सा फोर्ट की लंबे समय से उपेक्षा की जा रही थी। ममता बनर्जी की सरकार ने बक्सा फोर्ट का जीर्णोद्धार कराकर इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया। इस तरह उनलोगों का सामाजिक-आर्थिक विकास संभव हो पाएगा। इस काम से यहां के लोग काफी खुश हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।