वार्ड पार्षद शालिनी डालमिया को धमकी मामले में 24 घंटे बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं
भाजपा नेता व वार्ड नंबर आठ की पार्षद शालिनी डालमिया को गाली-गलौज देने तथा जान से मारने की धमकी मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक यह पता नहीं कर पाई है कि आखिर धमकी किसने दी।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। भाजपा नेता व वार्ड नंबर आठ की पार्षद शालिनी डालमिया को गाली-गलौज देने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक यह पता नहीं कर पाई है कि आखिर धमकी किसने दी। दूसरी ओर भाजपा पार्षदों ने मेयर गौतम देव से मुलाकात की है। मंगलवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में विपक्ष के नेता व भाजपा पार्षद अमित जैन के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों का समूह दो नंबर बोरो कार्यालय में मेयर गौतम देव से मिला तथा उन्हें घटना के बारे में विस्तार से बताया।
मेयर से कड़ी कार्रवाई की मांग
भाजपा प्रतिनिधि दल ने मेयर से कहा कि एक जनप्रतिनिधि के साथ यह व्यवहार असहनीय है। वे जनता के लिए काम करते हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार होता है। उन्होंने मेयर से निवेदन किया कि वे इस बारे में स्थानीय पुलिस प्रशासन पर दबाव बनाए ताकि घटना के लिए जिम्मेवार आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके। बताते चलें कि इससे पहले भाजपा प्रतिनिधि मंडल की मौजूदगी में शालिनी डालमिया ने सोमवार को सिलीगुड़ी थाना में एक एफआइआर दर्ज कराई थी। शालिनी डालमिया ने सिलीगुड़ी थाना परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए बताया था कि रविवार रात को उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से एक फोन आया था। फोन पर आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही थी। कुछ देर बाद ही उधर से गाली-गलौज शुरू कर दी गई। इस पर उन्होंने फोन काट दिया। सोमवार सुबह उसी नंबर से एक संदेश भेजा गया, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि उनकी किसी के साथ दुश्मनी नहीं है। ऐसा कौन कर रहा है, उन्हें नहीं पता।