रवि प्रधान होंगे कालिम्पोंग नगर पालिका के नए चेयरमैन
-सभी 22 पार्षदों के समर्थन से भीम अग्रवाल होंगे नए नपा उपाध्यक्ष -ग्रीन सिटी व पेयजल मुहैया क
-सभी 22 पार्षदों के समर्थन से भीम अग्रवाल होंगे नए नपा उपाध्यक्ष
-ग्रीन सिटी व पेयजल मुहैया करवाना होगी प्राथमिकता
संवादसूत्र,कालिम्पोंग : लंबी राजनीतिक खींचतान के बाद आखिरकार बुधवार को कालिम्पोंग नगर पालिका को नया बोर्ड और सभी पार्षदों की सहमति से नया अध्यक्ष रवि प्रधान के रूप में मिल गया। नपा की संपन्न हुई बैठक में पालिका के सभी 22 पार्षदों ने रवि प्रधान को समर्थन दिया। जिसके बाद रवि प्रधान नए अध्यक्ष तथा भीम अग्रवाल को नपा उपाध्यक्ष चुना गया। बुधवार को संपन्न बोर्ड बैठक में चुने जाने के बाद प्रधान तथा अग्रवाल ने महकमा अधिकारी निर्मल घरामी की उपस्थिति में औपचारिक रूप से शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद ही पूर्व नपा अध्यक्ष शुभ प्रधान द्वारा पूरा कार्यभार प्रधान व उनकी टीम को सौंप दिया गया।
रवि प्रधान के नपा अध्यक्ष बनने के बाद ही कालिम्पोंग नगर पालिका से विमल गुरुंग गुट जहां पूरी तरह बाहर हो गया वहीं पालिका बोर्ड में तामांग-थापा गुट की पैंठ बन गई। बताते चलें कि बीते दिनों ही जीटीए बोर्ड उपाध्यक्ष अनित थापा द्वारा रवि प्रधान को नया नगर पालिका अध्यक्ष के तौर पर घोषित कर दिया गया था।
पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए प्रधान ने कहा कि शहर की पेयजल व्यवस्था को सुधारना और कालिम्पोंग शहर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करना बोर्ड की और हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होने शहर के विकास के लिए सभी को साथ मिलकर सहयोग करने की भी अपील की।
नपा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व के नपा बोर्ड द्वारा पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए विस्तृत कार्य येाजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई थी। जिसे संबंधित मंत्रालय के समक्ष भेजते हुए शीघ्र ही नगर वासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने का प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही शहर को ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए इस कार्य के लिए सिलीगुड़ी के विशेष अभियंताओं की सहायता से कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
नवनिर्वाचित नपा अध्यक्ष रवि प्रधान ने शहर के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ने की बात कहते हुए नाली व झोड़ा मरम्मत और सड़क जीर्णोद्धार को विशेष महत्व देने की जानकारी दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।