ईद मीलाद-उन-नबी आज, हजरत मुहम्मद साहब का यह 1454वां जन्म दिवस
इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मुस्लिम धर्मावलम्बियों द्वारा मनाया जाने वाला त्योहार ईद मीलाद-उन-नबी देश-दुनिया के साथ-साथ रविवार (नौ अक्टूबर) को यहां भी मनाया जाएगा। मुस्लिम धर्मावलंबी रविवार सुबह शम्शिया हाई मदरसा (खालपाड़ा) में एकत्रित होंगे। वहां से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा

सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। इस्लाम धर्म के पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मुस्लिम धर्मावलम्बियों द्वारा मनाया जाने वाला त्योहार ईद मीलाद-उन-नबी देश-दुनिया के साथ-साथ रविवार (नौ अक्टूबर) को यहां भी मनाया जाएगा। इसे लेकर विभिन्न संगठन-संस्थाओं की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पूर्व संध्या पर हुए ये आयोजन
इधर, इसकी पूर्व संध्या यानी शनिवार शाम से ही शहर व आसपास में 'जश्न-ए-ईद मीलाद-उन-नबी-2022' शुरू हो गया। इस दिन शाम में नूर-ए-मुजस्सम नामक संस्था की ओर से हाशमी चौक से जुलूस-ए-शान-ए-विलादत निकाला गया। इस दौरान मुस्लिम धर्मावलंबियों ने शहरवासियों को हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस की बधाई दी व लोगों के बीच मिठाइयां बांटी। इस जुलूस में कई उलेमा भी सम्मिलित हुए। उन्होंने हजरत मुहम्मद साहब के जीवन-आदर्शो पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हजरत मुहम्मद साहब ने मानवता, अमन, चैन व भाईचारगी का पैगाम दिया। हम सबको अपने जीवन में उनके संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। उसी में इस लोक व परलोक दोनों में व्यक्ति की सफलता है।
हजरत मुहम्मद साहब का यह 1454 वां जन्म दिवस
इस सभा में नूर-ए-मुजस्सम संस्था के मोहम्मद राजू शहबाजी व अन्य कई सम्मिलित रहे। ईद-मीलाद-उन-नबी के उपलक्ष्य में इसी दिन शाम में एनजेपी में भी रहमत-ए-दो आलम कमेटी के तत्वावधान में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। इस दौरान लोगों को हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिवस की बधाइयां दी गई। इस वर्ष हजरत मुहम्मद साहब का यह 1454वां जन्म दिवस है।
जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा आज
इस उपलक्ष्य में पर हर साल की तरह इस साल भी अंजुमन खिदमत-ए-खल्क की ओर से रविवार सुबह शहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी का आयोजन किया गया है। अंजुमन के सचिव फीरोज अहमद खान ने बताया कि शहर व आसपास के विभिन्न इलाके से मुस्लिम धर्मावलंबी रविवार सुबह शम्शिया हाई मदरसा (खालपाड़ा) में एकत्रित होंगे। वहां से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकलेगा जो विद्यासागार रोड, बर्दवान रोड, एयर व्यू मोड़, हिलकार्ट रोड, सेवक मोड़ होते हुए हाशमी चौक पर सिलीगुड़ी जामा मस्जिद के सामने आ कर प्रार्थना सभा में तब्दील हो जाएगा। उन्होंने सभी से इसमें बढ़-चढ़ कर सम्मिलित होने की अपील की है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।