पवाणी गांव अग्निकांड: 39 परिवार बेघर, गृहस्थी राख... आसमान के नीचे गुजरी पीड़ितों की रात
उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण आग लगने से 39 परिवार बेघर हो गए, जिसमें उनके घर और जीवनभर की कमाई जलकर राख हो गई। जिला प्रशासन ने प्रभावितों के लिए राहत सामग्री, सामुदायिक रसोई और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था की है।

39 परिवार प्रभावित हुए उत्तरकाशी में मोरी के पवाणी गांव में आग लगने से. File

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अजय कुमार, उत्तरकाशी। मोरी तहसील की हरकीदून घाटी स्थित पवाणी गांव में एक-दो नहीं, पूरे 39 परिवार बेघर हो गए हैं। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई गृहस्थी उजड़ गई है। उनके पास तन पर पहने कपड़े के सिवाय और कुछ नहीं बचा है।
घरों में रखा राशन, सोना-चांदी, बर्तन और दैनिक उपयोग का सामान तक जलकर नष्ट हो गया है। इस भीषण अग्निकांड में 39 मकान आग की चपेट में आए हैं। एक पंचायत और एक प्राथमिक विद्यालय का भवन भी जलकर राख हो गया है।
पहले दिन प्रभावितों की रात आसमान के तले गुजरी। आग लगने का कारण सिलिंडर का फटना बताया जा रहा है। आग बुझाने के दौरान गिरने से ओसला गांव के गंगा सिंह भी घायल हुए हैं।
चार घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझा लिया गया लेकिन अब ग्रामीणों के पुनर्वास की चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि अग्निकांड से प्रभावित 39 परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को बड़े स्तर पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
प्रभावित परिवारों को ठंड से बचाने के लिए 123 कंबल और 100 जैकेट के साथ ही रहने और दैनिक जरूरतों का सामान वितरित किया जा रहा है। इसके अलावा परिवारों के लिए 45 राशन किट, 45 गैस चूल्हे, 24 टेंट और 50 गद्दों सहित अन्य आवश्यक सामग्री गांव पहुंचाई गई है।
प्रभावित परिवारों के लिए गांव में सामुदायिक रसोई शुरू की गई है। प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को आश्रय स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से अस्थायी हेलीपैड का निर्माण भी किया गया है।
राहत कार्यों में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें जुटी हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव ने भी हेलीकाप्टर से प्रभावित क्षेत्र का सर्वेक्षण किया।
ग्रामीणों की पीड़ा
बुद्धि सिंह राणा, प्रह्लाद सिंह राणा और देवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि घटना के समय गांव के अधिकतर महिला और पुरुष लकड़ी और घास लेने जंगल गए थे। जो था उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने बताया कि शीतकाल के लिए घरों में राजमा, चौलाई, आलू सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री का भंडारण किया गया था।
मवेशियों के लिए चारा-पत्ती भी जमा की गई थी, लेकिन आग ने सब कुछ नष्ट कर दिया। जनक सिंह राणा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2010 में पाई-पाई जोड़कर मकान बनाया था, जो इस अग्निकांड में जल गया।
डीएम ने की राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा
बुधवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने गांव पहुंचकर अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए शेल्टर निर्माण के संबंध में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएनएल) से सीएसआर मद के तहत सहायता लेने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर पवाणी अग्निकांड के प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
प्रत्येक राशन किट में 20 किलो चावल
प्रभावित परिवारों के लिए 45 राशन किट भेजी गई हैं। प्रत्येक किट में 20 किलोग्राम चावल के साथ आटा, तेल, नमक, चीनी, चाय सहित जरूरी खाद्य सामग्री रखी गई है। तहसील मोरी की ओर से भी प्रभावितों को चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, साबुन, मसाले, नमक, आलू और सोयाबड़ी वितरित की गई है। 15 तिरपाल भी उपलब्ध कराए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।