विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी: 2 दशक से अग्निकांड से जूझ रहे मोरी के गांव, लकड़ी के मकान-पानी की कमी के चलते भड़कती है आग

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:54 AM (GMT+05:30)

उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक में अग्निकांड की घटनाएं दशकों पुरानी हैं, जहां हाल ही में पंवाणी गांव में आग लगने से 25-30 परिवार प्रभावित हुए। लकड़ी के घर, सीमित पानी और सड़क संपर्क की कमी इन हादसों को गंभीर बनाती है, जिसके लिए प्रशासन राहत व कार्ययोजना पर काम कर रहा है।

मोरी के पंवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में धू-धूकर जलते आवासीय भवन। साभार चैन सिंह रावत

मोरी के पंवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में धू-धूकर जलते आवासीय भवन। साभार चैन सिंह रावत

HighLights

  1. पंवाणी गांव में अग्निकांड से 25-30 परिवार प्रभावित हुए।

  2. लकड़ी के मकान, पानी की कमी आग को बढ़ाती है।

  3. प्रशासन अग्निकांड रोकने को कार्ययोजना बना रहा है।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। मोरी विकासखंड के गांवों में अग्निकांड की घटनाएं लंबे समय से हो रही हैं। लकड़ी से बने पारंपरिक मकान, एक-दूसरे से सटे भवन, पानी की सीमित उपलब्धता और सड़क संपर्क का अभाव आग से होने वाले नुकसान को बढ़ाते हैं। हाल ही में पंवाणी गांव में हुए अग्निकांड ने दूरस्थ गांवों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े किए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि पंवाणी गांव में करीब 40 से 50 परिवारों के निवास की सूचना है, जिसमें अग्निकांड में करीब 25 से 30 परिवारों के प्रभावित होने की जानकारी मिली है, जिसमें प्रभावित के दैनिक उपयोग के सामान खाद्यान्न, बिस्तर आदि का नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रभावितों के लिए सुबह राहत सामग्री को घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा। स्थानीय निवासी चैन सिंह रावत के अनुसार, सब कुछ नष्ट हो गया, मवेशी बचे हैं, लेकिन राशन-पानी नहीं है। मोरी के स्थानीय नरेश रावत ने बताया कि गांव में अधिकांश घर देवदार की लकड़ी से बने हुए हैं, जिनमें लगी आग पर काबू पाना मुश्किल होता है।

आग से जुड़े बड़े हादसे

-दिसंबर 2006 में ढाटमीर गांव में आग से 120 भवन क्षतिग्रस्त हुए और एक व्यक्ति की मृत्यु हुई।
- दिसंबर 2007 में ओसला में 53 भवन, मार्च 2008 में कोटगांव में आठ, नवंबर 2011 में धारा में तीन और दिसंबर 2011 में पेंसर में 14 भवन क्षतिग्रस्त हुए।
-वर्ष 2013 में सटुड़ी में तीन और सुनकुंडी में 22 भवन प्रभावित हुए।
-फरवरी 2018 में सावणी में 39 मकान जले।
-अप्रैल 2020 में मसरी में 28 भवन पूरी तरह जल गए और आठ अन्य को भारी नुकसान पहुंचा।
-मई 2024 में सालरा गांव में आग से 10 लकड़ी के मकान पूरी तरह जल गए और चार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए।
-जनवरी 2025 में सावणी में नौ मकान जले और आग रोकने के लिए कुछ अन्य मकान तोड़ने पड़े। करीब 15 से 16 परिवार प्रभावित हुए और एक बुजुर्ग महिला की मृत्यु हुई।
- जनवरी 2026 में गुराड़ी में तीन आवासीय भवन आग की चपेट में आए और 14 मवेशियों की मौत हुई।

अग्निकांड के कारण

लकड़ी के निर्माण और घरों की निकटता से आग तेजी से फैल सकती है। पुरानी बिजली वायरिंग, शार्ट सर्किट, रसोई के जलते चूल्हे और दीपक संभावित वजहें हो सकते हैं, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही तय होगा। दूरस्थ गांवों में सड़क और पानी की सीमित सुविधा शुरुआती समय में आग पर काबू पाना कठिन बनाती है।

रेडक्रॉस ने उपलब्ध कराए 16 किचन सैट

भारतीय रेडक्रास सोसायटी की स्थानीय शाखा ने भी अग्निकांड पीड़ितों के लिए शाखा में उपलब्ध 16 किचन सैट आपदा प्रबंधन केंद्र को उपलब्ध कराए हैं। सोसायटी के स्टेट चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर राज्य शाखा फैमली टैंट, तिरपाल व कंबल आदि भी मौके पर भेजेगी।

आधा किमी पैदल दूरी पर है गांव

मोरी का पंवाणी गांव तहसील मोरी से करीब 55 से 50 किमी सड़क और सड़क से करीब आधा किमी की दूरी पर है। ऐसे में दुर्गम क्षेत्र में राहत एवं बचाव टीमों को पहुंचने में समय लगना तय है।

घटनास्थल के लिए राहत सामग्री भी भेजी जा रही है। प्रभावितों के राहत-बचाव एवं पुनर्वास को लेकर प्रशासन तत्पर है। अग्निकांड रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ बैठक कर जल्द कार्ययोजना बनाई जाएगी। प्रभावितों को राहत देने के साथ गांववार जोखिम न्यूनीकरण के लिए ठोस उपाय किये जाएंगे। -प्रशांत आर्य, डीएम उत्तरकाशी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।