विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में आग का तांडव: 33 घर, स्कूल और पंचायत भवन जलकर राख; 58 परिवार प्रभावित

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:38 AM (GMT+05:30)

उत्तरकाशी के पवाणी गांव में लगी भीषण आग पर साढ़े चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। इस अग्निकांड में 33 आवासीय भवन, पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय जलकर राख हो गए, जिससे 58 परिवार प्रभावित हुए।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पवाणी गांव में भीषण आग, साढ़े चार घंटे में काबू।

  2. 33 आवासीय भवन, पंचायत भवन, विद्यालय जलकर राख।

  3. 58 परिवार प्रभावित, राहत कार्य जारी, कोई जनहानि नहीं।

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग पर काबू पाने में ग्रामीणों और राहत-बचाव दलों को साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक मशक्कत करनी पड़ी। शाम 4:49 बजे लगी आग रात 9:16 बजे बुझाई जा सकी।

इस दौरान आग की चपेट में आने से 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की भेंट चढ़ गए। अग्निकांड से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर घायल हो गए।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से मंगलवार रात जारी रिपोर्ट के अनुसार, पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। संयुक्त टीमों और ग्रामीणों की मशक्कत के बाद रात करीब 9:16 बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक 33 आवासीय भवन पूरी तरह जल चुके थे। अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि और पशुहानि की सूचना नहीं है।

आग बुझाने के दौरान ओसला गांव निवासी गंगा सिंह गिरकर चोटिल हो गए। घटनास्थल पर चिकित्सक दल और 108 एंबुलेंस भी भेजी गई थी। प्रभावित गांव में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण मौके से संपर्क करने में भी परेशानी आई।

प्रशासन की ओर से प्रभावित 58 परिवारों के लिए खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही परिवारों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए राहत शिविर की व्यवस्था की जा रही है।

यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी: 2 दशक से अग्निकांड से जूझ रहे मोरी के गांव, लकड़ी के मकान-पानी की कमी के चलते भड़कती है आग

प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित शेल्टर निर्माण में एसजेवीएनएल नैटवाड़ से सीएसआर मद के तहत सहयोग लेने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में संबंधित विभाग राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड को मिली नई रफ्तार: टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी मार्ग पर सफर होगा आसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।