उत्तराखंड को मिली नई रफ्तार: टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी मार्ग पर सफर होगा आसान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण की प्रगति से अवगत कराया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण की कवायद तेज हो गई है।
टनकपुर से बागेश्वर और बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक दो लेन सड़क निर्माण के साथ ही उत्तरकाशी से गंगोत्री तक मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजनाओं को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास और चौड़ीकरण की प्रगति से अवगत कराया है।
दो लेन चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसी वर्ष सितंबर में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को पत्र लिखकर टनकपुर-बागेश्वर, बागेश्वर-कर्णप्रयाग और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन परियोजनाओं के अंतर्गत प्रस्तावित स्केप टनलों को दो लेन मोटर वाहन यातायात के अनुकूल बनाने का अनुरोध किया था। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित कार्यों की स्थिति स्पष्ट की है।
उन्होंने बताया कि टनकपुर से जौलजीबी तक 183 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। चंपावत बाईपास का कार्य प्रगति पर है, जबकि लोहाघाट और पिथौरागढ़ बाईपास को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य है।
जौलजीबी से बागेश्वर तक 190 किलोमीटर मार्ग में जौलजीबी से बंगापानी (29 किलोमीटर) का कार्य स्वीकृत हो चुका है। बंगापानी से बागेश्वर तक शेष 160 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार है। इसे भी वर्ष 2027-28 में स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी प्रकार बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक 108 किलोमीटर मार्ग के दो लेन चौड़ीकरण की डीपीआर पूरी हो चुकी है।
ऋषिकेश से उत्तरकाशी तक 143 किलोमीटर मार्ग का दो लेन चौड़ीकरण पूरा हो चुका है। उत्तरकाशी से गंगोत्री तक 100 किलोमीटर मार्ग में 14 किलोमीटर का कार्य स्वीकृत है, जबकि शेष 86 किलोमीटर के कार्य को वर्ष 2027-28 में मंजूरी देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दिशा में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधाओं से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ पर्यटन, व्यापार और सामरिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।