Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गंगोत्री धाम में सीमित संख्या में यात्रियों को भेजे जाने पर हंगामा, बाद में भेजे गये हजार से अधिक यात्री

    Updated: Fri, 12 Sep 2025 08:47 PM (IST)

    गंगोत्री धाम यात्रा पर सीमित संख्या में यात्रियों को भेजे जाने के कारण हीना पंजीकरण जांच केंद्र पर यात्रियों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद 1100 से अधिक यात्रियों को गंगोत्री धाम जाने की अनुमति दी गई जिसके बाद यात्रियों का गुस्सा शांत हुआ। यात्रा के दूसरे चरण में अब तक 2398 यात्री गंगोत्री धाम पहुंच चुके हैं।

    Hero Image
    यात्रियों व स्थानीयों ने काटा हंगामा तो भेजे गये हजार से अधिक यात्री. Jagran

    जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम यात्रा पर सीमित संख्या में यात्रियों को भेजे जाने पर शुक्रवार को हीना पंजीकरण जांच केंद्र पर बड़ी संख्या में उमड़े यात्रियों व स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया, जिस पर बाद में हजार से अधिक यात्रियों को गंगोत्री धाम जाने की अनुमति दी गयी, तब जाकर स्थानीय व यात्रियों का रोष शांत हुआ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दरअसल, धराली आपदा के बाद बीते मंगलवार को गंगोत्री धाम की यात्रा टैक्सी वाहनों से शुरू हुई, जिसके बाद करीब 500 से 570 यात्रियों को ही यात्रा पर रवाना किया जा रहा था। जबकि यात्रा के लिए बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंचने लगे थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच-साढ़े पांच बजे भी हीना पंजीकरण जांच केंद्र पर बड़ी संख्या में टैंपो ट्रेवलर वाहनों से गुजराज, दक्षिण भारत के राज्यों से बड़ी संख्या में तीर्थयात्री व स्थानीय पहुंचे। लेकिन यहां केंद्र की ओर से केवल 500 यात्रियों को ही जाने की जानकारी दी गयी, जिस पर वह भड़क उठे, उन्होंने रोष जताया।

    केंद्र पर तैनात पुलिस कर्मियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में, पंजीकरण केंद्र पर व्यवस्था संभालने वाली कंपनी को अन्य यात्रियों को भी भेजे जाने की अनुमति दी गयी, जिसके बाद यहां दिन तक करीब 1100 से अधिक यात्री रवाना किए गए। तब जाकर यात्रियों व स्थानीय लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पंजीकरण केंद्र के एक कर्मचारी ने बताया कि सुबह तो यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गयी थी, जिसके बाद अन्य यात्रियों को भी जाने देने की अनुमति देनी पड़ी। बताया कि टैक्सी वाहन खाली होने के बाद अब अगले दिन ही यात्री रवाना हो पायेंगे।

    चार दिन में 2398 तीर्थयात्री पहुंचे गंगोत्री धाम

    • बीते मंगलवार से शुरू हुई गंगोत्री धाम की दूसरे चरण की यात्रा में अब तक 2398 यात्री पहुंच चुके हैं।
    • मंगलवार को पहले दिन 173, बुधवार को 567, गुरुवार को 639 तीर्थयात्रियों ने धाम के दर्शन किए।
    • जबकि शुक्रवार को 1019 यात्रियों को धाम के लिए रवाना किया गया।