रवांई में शादी समारोहों में मेहमानों के सम्मान का नया अंदाज: पुष्पमाला और शॉल-टोपी से स्वागत
यह नई परंपरा "अतिथि देवो भव" की भावना को दर्शाती है और युवा पीढ़ी भी इसे उत्साह से अपना रही है, जिससे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हो रही है।

रवांई के एक शादी समारोह में फूल माला पहने अतिथि। जागरण
HighLights
मेहमानों का स्वागत पुष्पमाला, पिठाई और शाल-टोपी से।
यह परंपरा "अतिथि देवो भव" की भावना को दर्शाती है।
युवा पीढ़ी भी रवांई की सांस्कृतिक पहचान बढ़ा रही है।
तिलक चंद रमोला, नौगांव। रवांई क्षेत्र में शादी-ब्याह का अंदाज अब बदल रहा है। यहां विवाह समारोह केवल दावत और नाच-गाने तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि मेहमानों के स्वागत और सम्मान को भी खास महत्व दिया जा रहा है। वर और वधु पक्ष की ओर से अतिथियों का स्वागत पुष्पमालाओं, पिठाई और शाल-टोपी से करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। यह परंपरा क्षेत्र की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक पहचान को नया रंग दे रही है।
गांवों में इन दिनों मेहंदी की रस्म से लेकर बारात के स्वागत और कन्यादान तक, मेहमानों को पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया जा रहा है।
फूलों की माला पहनाते ही मेजबान के चेहरे पर खुशी और अतिथि के चेहरे पर सम्मान का भाव दिखाई देता है। समारोह में यह दृश्य अब आम होता जा रहा है।
युवा पीढ़ी भी बढ़ा रही रवांई की सांस्कृतिक पहचान
इसके साथ ही पिठाई के रूप में 11, 21, 51 और 100 रुपये के लिफाफे देकर अतिथियों का सम्मान करने की परंपरा भी जोर पकड़ रही है। यह महज औपचारिकता या दिखावा नहीं, बल्कि रवांई की पुरानी सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। टीका लगाकर और पिठाई देकर मेहमान का मान-सम्मान करना यहां के संस्कारों में शामिल रहा है।
कुछ स्थानों पर अब मेहमानों को शाल ओढ़ाकर और पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित करने का चलन भी बढ़ रहा है। विवाह समारोह में जब किसी बुजुर्ग, रिश्तेदार या खास अतिथि को शॉल और टोपी पहनाई जाती है तो पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठता है। इन पलों को लोग फोटो और वीडियो के जरिये संजो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भीड़, होटल फुल; 'कपल सीजन' जल्द होगा शुरू
यह भी पढ़ें- UP Weather: यूपी के 20 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, सड़क से आसमान तक पड़ेगा असर; IMD का लेटेस्ट अपडेट
शादी-ब्याह में मेहमानों के सम्मान की नई परंपरा ने पकड़ी रफ्तार
ग्रामीणों का कहना है कि यह सब ''''अतिथि देवो भव'''' की भावना के अनुरूप किया जा रहा है। रवांई क्षेत्र में मेहमानों का सम्मान हमेशा से खास रहा है। घर की परिस्थितियां कैसी भी हों, अतिथि को सम्मान देकर विदा करना यहां के संस्कारों का हिस्सा है। खास बात यह है कि युवा पीढ़ी भी इस परंपरा को उत्साह के साथ आगे बढ़ा रही है। अब शादी-ब्याह में झुनझुना बाजा, डीजे और सजावट के साथ मेहमाननवाजी को भी उतनी ही अहमियत दी जा रही है। रवांई की यह दिलदार मेहमाननवाजी क्षेत्र की लोक-संस्कृति और अपनत्व को नई पहचान दे रही है।