विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गढ़ बाजार में हुआ डेढ़ लाख का कारोबार

By Edited By:
Published: Thu, 02 Oct 2014 04:18 PM (GMT+05:30)

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गांधी जयंती पर विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों की ओर से गढ़ बाजार का शुभारंभ

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : गांधी जयंती पर विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों की ओर से गढ़ बाजार का शुभारंभ किया गया। इसमें हैस्को व केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सहयोग से स्टॉल लगाकर स्थानीय उत्पादों की बिक्री की गई। महात्मा गांधी के ग्राम स्वरोजगार की अवधारणा पर आधारित इस बाजार को और विस्तार देने की योजना है।

रामलीला मैदान पर गढ़ बाजार का जिलाधिकारी ने रिबन काटकर कर उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने इसे बेहतर पहल बताते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने से ग्रामीण आत्मनिर्भर हो सकते हैं। स्थानीय संसाधनों पर आधारित अर्थव्यवस्था तैयार करने की दिशा में इस तरह के प्रयास लगातार होने चाहिए। जिलाधिकारी ने हर स्टॉल का अवलोकन भी किया। ग्राम स्वराज संघ, संकल्प सामाजिक रेणुका केदार जन विकास समिति, तरुण पर्यावरण विज्ञान संस्थान, चंद्रलाल वुड एंड हैंडीक्राफ्ट, हिमालय पर्यावरण एवं जड़ी बूटी एग्रो संस्थान जाड़ी आदि स्वैच्छिक संगठनों समेत स्थानीय उत्पादकों ने अपने उत्पादन लगाए। दिन के छह घंटे के लिए लगाए गए इस बाजार में करीब डेढ़ लाख रुपए का कारोबार हुआ। इसमें ग्राम स्वराज संघ की ओर से 350 रुपये किलो की दर से 45 किलो शहद की बिक्री की गई। वहीं दो स्टॉल से पंद्रह हजार रुपये की स्थानीय सब्जियां भी बिकी। लकड़ी का सजावटी सामान व ऊन के सामान की भी काफी खरीदारी हुई। गढ़ बाजार के आयोजन को लेकर कार्यक्रम समन्वयक द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने बताया कि स्थानीय उत्पादकों को एक जगह लाकर विपणन की व्यवस्था करने की यह पहल है। योजना बनाई जा रही है कि हफ्ते में दो दिन उत्तरकाशी बाजार में स्थानीय उत्पादकों को जगह उपलब्ध करवाकर उनके उत्पाद बेचे जाएं। इस मौके पर सीडीओ जीएस रावत, एडीएम बीके मिश्रा, डिप्टी कलक्टर हरगिरि, एसडीएम केके सिंह समेत अनेक लोग मौजूद रहे।