Chardham Yatra 2025: गति पकड़ने लगी यमुनोत्री धाम की यात्रा, शुक्रवार को पहुंचे 940 तीर्थयात्री
यमुनोत्री धाम की यात्रा जो राजमार्ग अवरुद्ध होने से बाधित थी अब फिर से शुरू हो गई है। ओजरी में बेली ब्रिज बनने के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। भारी बारिश के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे ठीक करने के बाद यात्रा को सुचारू किया गया। सुरक्षा के लिए पुल पर पुलिस बल तैनात है।

संवाद सूत्र, जागरण, बड़कोट। हाईवे अवरुद्ध होने से 12 दिन तक बाधित रही यमुनोत्री धाम की यात्रा सुचारू हो गई है। ओजरी के पास बेली ब्रिज स्थापित होने के बाद गुरुवार को 220 तीर्थयात्री धाम गए थे और शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 940 पहुंच गई।
अभी पुल से एहतियातन वाहनों को एक-एक कर आवाजाही कराई जा रही है। पुल की भार वहन क्षमता 16 टन है। ऐसे में इससे अधिक भार क्षमता वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक है।
28 जून को बादल फटने और भारी वर्षा से यमुनोत्री हाईवे पालीगाड़ से लेकर ओजरी व सिलाई बैंड तक जगह-जगह अवरुद्ध हो गया था। करीब चार स्थानों पर हाईवे का 40 मीटर से अधिक हिस्सा ध्वस्त हो गया था।
अन्य स्थानों पर तो लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने यातायात बहाल कर दिया था, लेकिन ओजरी में हाईवे के 15 मीटर हिस्से पर आवागमन बहाल करना चुनौती बना हुआ था। पांच जुलाई को यहां 27 मीटर स्पान के बेली ब्रिज का निर्माण शुरू किया गया, जो गुरुवार शाम बनकर तैयार हो गया। इसके बाद यमुनोत्री धाम की यात्रा बहाल हुई।
पालीगाड़ चौकी प्रभारी कांति राम जोशी ने बताया कि बेली ब्रिज के दोनों ओर पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं, ताकि यातायात नियंत्रित रहे और तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
यमुनोत्री हाईवे पर दोबाटा में स्थापित यात्रा पंजीकरण केंद्र के प्रबंधक दिव्योम ने बताया कि यात्रियों की आमद में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जो सकारात्मक संकेत है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।