Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    टेड़ाघाट के जंगल में मिला महिला का अधजला शव, हत्या की आशंका; पुलिस ने पति से की पूछताछ, पत्नी से रहता था अलग

    Updated: Mon, 26 May 2025 01:04 PM (IST)

    खटीमा के टेड़ाघाट जंगल में एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतका के पति से पूछताछ कर रही है। महिला का पति दूसरी महिला के साथ अल्मोड़ा में रहता था और मृतका के परिजनों ने उस पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

    Hero Image
    तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। जागरण

    जागरण संवाददाता, खटीमा। टेड़ाघाट के जंगल में महिला का अधजला शव मिला है। महिला की हत्या कर शव जलाए जलाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव उप जिला चिकित्सालय के मोर्चरी में रखवा दिया है।

    वहीं, फारेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की एवं संदेह के आधार पर महिला के पति को पूछताछ के लिए उठाया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बताते हैं कि पति अपनी पत्नी को छोड़कर अल्मोड़ा में किसी अन्य महिला के साथ रहता है। चारुबेटा नईबस्ती निवासी अनीता देवी (36 वर्ष) पत्नी सुरेश सिंह अपने तीन बच्चों रिया, आयुष व नव्या के साथ कच्चे मकान रहती थी, जबकि उसका पति राजमिस्त्री का काम करता है।

    वर्तमान में वह अल्मोड़ा में रह रहा है। अनीता शुक्रवार रात अपने तीन बच्चों के साथ घर में सोई थी। शनिवार सुबह जब वह घर में नहीं दिखाई दी तो बच्चों ने आसपास के लोगों को बताया। इसके बाद अनीता की खोज शुरू हुई। कहीं नहीं मिलने पर स्वजन व रिश्तेदार परेशान हो गए।

    इसी बीच महिला की ननद का पति अंकित घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित टेड़ाघाट के जंगल में उसकी खोजबीन करने गया तो उसे झाड़ियों में अधजला शव दिखा। शव का दाहिना पैर नहीं जला था। इस सूचना पर स्वजनों ने मौके पर आकर अनीता के शव की शिनाख्त पैर में लगी मेहंदी व बिछुआ से की।

    इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर सीओ विमल रावत, कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के साथ ही शव कब्जे में लिया एवं फारेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र करवाए।

    इसके अलावा मृतका के पड़ोसियों से पूछताछ कर जानकारी हासिल की। पुलिस के मुताबिक मृतका का पति राजमिस्त्री का काम करता है। उसका किसी अन्य महिला से प्रेम-प्रसंग है। वह उसी महिला के साथ अल्मोड़ा में रहता है।

    पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दूसरी महिला के चक्कर में अनीता का अपने पति के साथ अक्सर लड़ाई-झगड़ा भी होता था। वह तीन साल से अनीता के साथ नहीं रहता था। चार-पांच माह पहले पिता के निधन के बाद से सुरेश का घर आना-जाना शुरू हुआ।

    इधर, मृतका के मायके वालों ने बताया कि सुरेश शुक्रवार रात घर पर देखा था। उन्होंने सुरेश पर अनीता को मारकर जलाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस पूछताछ में सुरेश ने खुद के अल्मोड़ा में होने व शनिवार सुबह ही चारूबेटा आने की बात कही है।

    सीओ विमल रावत ने बताया कि टेड़ाघाट के जंगल में महिला का अधजला शव मिला है। प्रथमदृष्ट्या मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।

    फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस सीसी टीवी फुटेज चेक करने के साथ ही संदेह के आधार पर मृतका के पति सुरेश से भी पूछताछ कर रही है।

    मेहनत-मजदूरी कर बच्चों की परवरिश कर रही थी अनीता

    व्यवहार कुशल अनीता मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों की परवरिश कर रही थी। पति उसे खर्चा भी नहीं देता था। 15 मई को उत्तर प्रदेश के महराजपुर गांव में रिश्तेदारी में हुई बरात में आया था, तब वह चारुबेटा घर पर भी आया था। यहां आकर उसने घर में रखा गेहूं भी बेच दिया था।

    अनीता के ससुर राजेंद्र की कुछ समय पूर्व ही मृत्यु हुई थी। ससुर भी सुरेश के अन्य महिला के साथ रहने को लेकर नाराज थे। इधर, मायके वालों ने आरोप लगाया कि सुरेश ने ही अनीता की हत्या की है, क्योंकि वह अक्सर अनीता के साथ दूसरी महिला को लेकर लड़ाई-झगड़ा करता था।

    अब कौन करेगा अनीता के तीनों बच्चों की परवरिश

    खटीमा : अनीता की सबसे बड़ी पुत्री रिया कक्षा 6 में पढ़ती है, जबकि आयुष व नव्या अभी छोटे हैं, जिस कारण वह स्कूल नहीं जाते हैं। पिता के घर से दूर रहने के बाद मां की मौत होने से अब तीनों बच्चों की परवरिश को लेकर सवाल खड़ा हो गया है।

    अनीता के तीनों बच्चे मासूम हैं। उन्हें अब तक यह भी पता नहीं चला है कि उनकी मां की मौत हो गई है। घर में भीड़-भाड़ व पुलिस को देख वह घबराए हुए थे।

    आज होनी थी अनीता की शादी की सालगिराह

    नानकमत्ता के चैतुआखेड़ा गांव की रहने वाली अनीता का विवाह 25 मई 2013 को चारुबेटा नईबस्ती निवासी सुरेश सिंह के साथ हुआ था। रविवार को उनकी शादी की 12वीं सालगिरह थी, लेकिन सालगिरह से एक दिन पहले ही अनीता की मौत हो गई।

    अपने ही बयानों में फंसा सुरेश

    अनीता के पति सुरेश ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार की सुबह अल्मोड़ा से यहां पहुंचा है, जबकि पुलिस को गांव वालों ने बताया कि वह देर रात में गांव में देखा गया है। ऐसे में पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी हुई है। साथ ही अल्मोड़ा में जहां वह रहने की बात कह रहा है, वहां भी संपर्क साध रही है।

    एसपी अपराध ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, चार टीमें गठित टेड़ाघाट के जंगल में महिला का अधजला शव मिलने की सूचना पर एसपी अपराध निहारिका तोमर खटीमा पहुंची, जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही घटना के बाबत जानकारी जुटाई।

    घटना के खुलासे के लिए एसपी अपराध के निर्देशन में चार टीमें गठित की गई हैं, जिसमें कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी, नानकमत्ता एसओ उमेश कुमार, झनकइया थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव, एसआई पंकज महर, एसआई किशोर पंत, एसआई भूपेंद्र रंसवाल को शामिल किया गया है। चारों टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है।