Weather Today: उत्तराखंड में अल नीनो का असर, तराई में पारा दहाई से नीचे फिर भी नहीं कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अल नीनो के प्रभाव से तापमान सामान्य से अधिक है, और कड़ाके की ठंड दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत में महसूस होगी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, काशीपुर। तराई में इस बार अभी तक पिछले वर्षों की जैसी ठंड नहीं पड़ रही है। पिछले एक दशक में तीन बार न्यूनतम तापमान 17 नवंबर को माह के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया था।
2016 में 17 नवंबर को 6.9 डिग्री, 2018 में 7.1 डिग्री व 2022 में इसी तिथि को 7.5 डिग्री सेल्सियस पारा पहुंचा था। इस बार सबसे कम 9.9 डिग्री तापमान भी मंगलवार 17 नवंबर को ही रहा। पिछले 10 वर्षों में सर्वाधिक ठंड 2020 में 22 नवंबर को रही, तब पारा 3.9 डिग्री पहुंचा था। उससे पहले 2017 में 23 नवंबर को पारा 4.2 डिग्री पहुंचा था।
तराई का सर्दी का पैटर्न बदला
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अल नीनो के प्रभाव से इस बार नवंबर में तराई का सर्दी का पैटर्न बदला हुआ है। नवंबर दूसरे सप्ताह न्यूनतम पारा अधिकांश दिन सामान्य से ऊपर रहा। यद्यपि मंगलवार को पारा दहाई से नीचे उतरकर सामान्य के करीब आ गया। इस पोस्ट मानसून में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे आया है। इससे पहले इस माह का सबसे कम तापमान 11 नवंबर को 11.3 डिग्री रहा था।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डा. सीएस तोमर का कहना है कि मजबूत अल नीनो की वजह से अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर है। सामान्यतया तराई में नवंबर पहले पखवाड़े न्यूनतम पारा 10-14 डिग्री रहता है, इस बार अधिकांश दिन 12-18 डिग्री के बीच रहा। दिन का पारा भी 25-28 डिग्री के मुकाबले 28-31 डिग्री के बीच बना रहा।
बदले मौसम का तराई पर असर
- किसान : पछेती धान की कटाई और गेहूं की बुआई के लिए अभी मौसम अनुकूल है। बुआई वाले खेतों में किसान को नमी पर नजर रखनी होगी। नमी कम होने पर सिंचाई देनी होगी।
- कोहरा : अभी कोहरा नहीं है। इस कारण रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, खटीमा समेत अन्य रूट पर आवाजाही सामान्य है। दिसंबर अंत से जनवरी की शुरुआत में जब पारा गिरेगा, तब घना कोहरा बड़ी चुनौती बनेगा।
- स्वास्थ्य : दिन में 28 डिग्री व रात के 10-12 डिग्री पारे के बीच का बड़ा अंतर सर्दी-जुकाम और बुखार बढ़ा सकता है। सुबह-शाम गरम कपड़े पहनने चाहिए।
अगले एक सप्ताह प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। अल नीनो प्रभाव से दिसंबर से फरवरी के बीच प्रदेश में कोल्ड-डे कम व शीतलहर का फैलाव सीमित रह सकता है। कड़ाके की ठंड दिसंबर अंतिम सप्ताह या जनवरी शुरुआत से महसूस हो सकती है। - डा. एएस नैन, वरिष्ठ मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि व प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: बदला मौसम का मिजाज, नैनीताल में खिली धूप तो बागेश्वर में कोहरा; सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
यह भी पढ़ें- बिहार में अचानक करवट लेगा मौसम: 13 जिलों में बारिश के आसार, 16 शहरों का लुढ़का तापमान