घर पर भांग उगाकर तैयार की चरस, रुद्रपुर सिडकुल व रोडवेज के पास बेचने आए दो तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर में पुलिस ने घर पर भांग उगाकर चरस बनाने और बेचने आए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसे वे सिडकुल और रोडवेज के पास बेचने की फिराक में थे।

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है
HighLights
रुद्रपुर में दो चरस तस्करों को पुलिस ने पकड़ा।
घर पर भांग उगाकर चरस तैयार करते थे आरोपी।
1 किलो 152 ग्राम चरस बरामद, एनडीपीएस एक्ट में केस।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। मुक्तेश्वर में घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार करने के बाद उसे रुद्रपुर में खपाने आए दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने उनके कब्जे से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि सोमवार रात एसआइ जीवन सिंह अधिकारी, एसआइ दीपक बहुगुणा पुलिस टीम और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम रोडवेज के पास पहुंची तो दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगे। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा किया और दोनों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम दीनो, पहाड़पानी निवासी गोपाल चंद पुत्र शंकर राम और ग्राम मल्ला दीनो, पहाड़पानी निवासी भुवन चंद्र पुत्र ईश्वरी राम के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक किलो 152 ग्राम चरस बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे दोस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं। स्वयं चरस का सेवन करने के साथ ही उन्होंने घर पर भांग की खेती कर चरस तैयार की थी।
इसके अलावा गांव के स्थानीय लोगों से भी थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस खरीदी थी। दोनों मिलकर इसे बेचने के लिए रुद्रपुर आए थे। यहां सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालकों और रोडवेज के आसपास दुकानदारों से संपर्क कर चरस बेचने की योजना थी।
सीओ सिटी ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से जेल भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में बेटे को थाने बुलाने से नाराज मां टावर पर चढ़ी, मचा हड़कंप, काफी देर पुलिस के समझाने पर उतरी नीच
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में सखी वन स्टॉप सेंटर ने रुकवाया नाबालिग का बाल विवाह