विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 मोर्चे, एक लक्ष्य...गंदगी से जंग में उत्तराखंड का रुद्रपुर हिमालयन क्लीन सिटी में बना नंबर वन

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:45 AM (IST)Updated: Fri, 13 Nov 2026 08:47 AM (IST)

रुद्रपुर नगर निगम ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में हिमालयन क्लीन सिटी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि ...और पढ़ें

रुद्रपुर किच्छा रोड मैं पहले जहां सन् 2019 में कूड़े का पहाड़ लगा रहता था, आज उसी जगह हरियाली के बीच विकसित अटल पार्क पहाड़गंज की बदली तस्वीर बयां कर रहा है।

रुद्रपुर किच्छा रोड मैं पहले जहां सन् 2019 में कूड़े का पहाड़ लगा रहता था, आज उसी जगह हरियाली के बीच विकसित अटल पार्क पहाड़गंज की बदली तस्वीर बयां कर रहा है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना दी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की जारी रैंकिंग में हिमालयन क्लीन सिटी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल करना महज एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहर की सफाई व्यवस्था में आए बदलाव और उन पर लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है।

कचरा प्रबंधन से लेकर जनभागीदारी, सफाई व्यवस्था की निगरानी और सार्वजनिक स्थलों के कायाकल्प तक कई मोर्चों पर किए गए काम इस सफलता के आधार बने। इस उपलब्धि के पीछे दस प्रमुख बिंदु अहम रहे। रुद्रपुर नगर निगम ने जिस पर काम करके यह संदेश देने का भी काम किया कि कोई भी निकाय अपने इन प्रयासों से कूड़ा निस्तारण की समस्या को काफी हद तक निपटा सकता है।

1. घर-घर कूड़ा संग्रहण से बदली सफाई व्यवस्था
रुद्रपुर नगर निगम क्षेत्र में करीब ढाई लाख आबादी निवास करती है, वार्डों की संख्या 40 है। प्रतिदिन करीब 148 मीट्रिक टन कूड़ा यहां से निकलता है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत पहले दो वार्ड, फिर पांच वार्डों पर फोकस करके कूड़े का नियमित डोर-टू-डोर संग्रहण किया गया। सफाई निरीक्षक को जवाबदेह बनाते हुए कचरे को सड़क तक आने से रोका। इस कचरे को उठाने की नियमित व्यवस्था स्वच्छता अभियान की मजबूत कड़ी बनी।

2. गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण
कचरे को स्रोत पर ही गीले और सूखे हिस्सों में अलग करने पर जोर दिया गया। इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चिन्हित वार्डों में पार्षद आैर वहां के समाजसेवी जागरुक लोगों की तीन-तीन टीमें बनाकर परिवारों को प्रेरित किया। गीले आैर सूखे कूड़े को अलग-अलग देने की महत्ता को समझाया आैर इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पुनर्चक्रण की संभावनाएं बढ़ीं। घरों और प्रतिष्ठानों में इस व्यवस्था को अपनाना महत्वपूर्ण रहा।

3. प्रतिदिन 148 मीट्रिक टन कचरे का प्रबंधन
रुद्रपुर शहर में ही औद्योगिक आस्थान है। जहां करीब साढ़े तीन सौ इंडस्ट्रियां हैं। सभी जगह लाल, नीले आैर पीले रंग के डस्टविन नगर निगम ने बांटे थे, किस खाने में कौन सा कूड़ा डालना है, उस पर अंकित करा रखा है। प्रतिदिन निकलने वाले करीब 148 मीट्रिक टन कचरे को 79 बड़ी गाड़ियां संग्रहण कर फाजलपुर महरौला स्थित ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाती थीं। जहां ठेकेदार के 119 श्रमिक मिश्रित कूड़े की छंटाई करते हैं।

4. वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निस्तारण
कचरे को केवल उठाकर शहर से बाहर करना पर्याप्त नहीं समझा गया। स्रोत से ही उठान, मिश्रित कूड़े की छंटाई, फिर उसका उचित प्रसंस्करण और निस्तारण पर भी ध्यान दिया गया। कूड़े की छंटाई करने के बाद उसकी उपयोगिता के हिसाब से प्रयोग किया जा रहा है।जिससे ट्रीटमेंट प्लांट में प्रतिदिन 17-18 टन खाद तैयार हो रही है आैर गीले कूड़े से बायोगैस बनाई जा रही है।

5. सार्वजनिक स्थलों और बाजारों की सफाई
नगर निगम क्षेत्र में प्रमुख बाजारों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक क्षेत्रों को चिन्हित किया गया, वहां स्वच्छता को प्राथमिकता दी गई। संबंधित क्षेत्रों के स्वास्थ्य निरीक्षकों को वहां का प्रभारी बनाया गया है, नगर स्वास्थ्य अधिकारी या फिर सहायक नगर आयुक्तों को प्रतिदिन उन स्थानों व भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की मानीटरिंग की व्यवस्था की गई है। अव्यवस्था मिलने पर सख्त संज्ञान लिया जा रहा है।

6. सफाई मित्रों के योगदान और कल्याण पर जोर
स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी सफाई मित्रों के साथ हर सप्ताह मोटीवेशन मीटिंग का प्रावधान है। जिसमें साफ-सफाई पर ध्यान देने की बारीकियां समझाने के साथ उनको स्वास्थ्य संबंधी जागरुकता आैर सतर्कता पर चर्चा की जाती है। सर्वेक्षण में उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को महत्व दिया गया है। 421 सफाई मित्र यहां कार्यरत हैं, इनमें से 20 विशेष टोलियां हैं। जहां अचानक जरूरत पड़ने पर सुविधा ली जाती है।

7. नागरिक सहभागिता और जनजागरूकत
शहर को स्वच्छता की पहचान देने के लक्ष्य के साथ काम किया। इसी के तहत पहले दो फिर पांच वार्डों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत चयनित करके वहां के लोगों को जागरुक करने के लिए पार्षद के नेतृत्व में प्रबुद्ध लोगों की मानीटरिंग टीमें बनाकर नगर निगम ने जागरुकता बढ़ाई। कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के प्रति जागरूक किया है।

8. शौचालय और स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता
लोगों में जहां - तहां खड़े होकर लघुशंका करने आैर सार्वजनिक शौंचालयों की कमी को देखते हुए नगर निगम ने सचल सामुदायिक शौचालयों की उपलब्धता बढ़ाई। करीब सौ ऐसे शौचालय शहर के उन स्थानों पर खड़े कराए, जहां लोगों को इसकी अधिक जरूरत पड़ती है। सर्वे मूल्यांकन का यह महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराना और खुले में शौच की समस्या पर नियंत्रण बड़ी कसरत साबित हुई।

9. सीवेज समस्या के निस्तारण व प्रबंधन पर ध्यान
स्वच्छता का संबंध केवल सड़कों और कूड़े तक ही सीमित नहीं है। पहाड़गंज में कूड़े का पहाड़ था। जहां रुद्रपुर व आसपास की सीवेज खुले में निस्तारित होता था। अब फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) स्थापित हो चुका है, जिसकी क्षमता 125 केएलडी है। प्रदेश का पहला सबसे बड़ा प्लांट है। जहां सीवेज शोधन हो रहा है। उससे प्रतिदिन सात कुंटल जैबिक खाद तैयार हो रही है। 16 हजार लीटर शोधित पानी भी मिल रहा है।

10. निगरानी, दस्तावेजीकरण और जवाबदेही
स्वच्छता की इस लंबी छलांग में नगर निगम ने कार्यों का दस्तावेजीकरण, अभिलेखों का रखरखाव और धरातल पर सत्यापन को जिस तरह महत्वपूर्ण बनाया, वह सफलता का मूलमंत्र रहा है। खुले में कूड़ा फेंकने वाले का फोटो भेजने वाले को सौ रुपये का इनाम देने की स्कीम भी महापौर की आेर से चलाई गई। मानीटर करने वालों की हर स्तर पर जबावदेही तय रही, ताकि गंदगी से जंग में कहीं कोई कमी न रहने पाए।

यह भी पढ़ें- कचरे से बिजली बनाने की पहल... 2.5 लाख टन पुराने कूड़े का निस्तारण, इस तरह रुद्रपुर-काशीपुर का स्वच्छता में धमाल

यह भी पढ़ें- स्वच्छता के मोर्चे पर उत्तराखंड की धमक, साफ हिमालयी शहरों में रुद्रपुर का पहला स्थान... सीएम धामी ने दी बधाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।