रुद्रपुर सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड: दो आरोपित गिरफ्तार, चार की तलाश जारी
रुद्रपुर के रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

HighLights
सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से वार कर हत्या।
पुलिस ने छह आरोपितों के विरुद्ध दर्ज की प्राथमिकी।
दो मुख्य हत्यारोपित विनोद कश्यप और सुभाष गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों के विरुद्ध हत्या में प्राथमिकी पंजीकृत की है। साथ ही दो हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, साथ ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या से पहले विवाद मृतक के भांजे अनुज की बाइक की चाबी निकालने को लेकर हत्यारोपित विनोद कश्यप से विवाद हुआ था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मूलरूप से अमरिया पीलीभीत यूपी और हाल रेशमबाड़ी निवासी लीलाधर गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे थे।
इस दौरान उनका भांजा अनुज बाइक लेकर दुकान से कुछ सामान लेने गया था। बताया जा रहा है कि जब वह बाइक से वापस आ रहा था तो कुछ युवक रास्ते में खड़े थे। इस बीच दूधिया नगर वार्ड 13 निवासी विनोद कश्यप ने अनुज की बाइक की चाबी निकाल ली।
जब अनुज ने बाइक की चाबी मांगी तो उसने इंकार कर दिया था, जिससे उनके बीच विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि आरोपित विनोद कश्यप अपने अन्य साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए उसके घर पहुंच गए।
आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के लोगों के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर को भी हमलावरों ने चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले में अनुज, राहुल और रिश्तेदार राम अवतार भी घायल हुए थे।
सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
साथ ही दो हत्यारोपित रेशमबाड़ी वार्ड 12 निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को बगवाड़ा मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि दो हत्यारोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उनसे पूछताछ की जा रही है, साथ ही फरार चार नामजद हत्यारोपित प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में नाबालिगों ने कहासुनी पर बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला कर की हत्या
यह भी पढ़ें- घर पर भांग उगाकर तैयार की चरस, रुद्रपुर सिडकुल व रोडवेज के पास बेचने आए दो तस्कर गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।