रुद्रपुर में नाबालिगों ने कहासुनी पर बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड पर चाकू से हमला कर की हत्या
रुद्रपुर के रेशमवाड़ी में मामूली कहासुनी के बाद नाबालिगों ने एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी अस्पताल में मौत हो गई। ग्रामीणों ने एक आरोपित को पकड़कर पुलिस को सौंपा, जबकि अन्य फरार हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। रेशमवाड़ी में मामूली कहासुनी के बाद नाबालिगों ने एक बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।मारपीट और चाकू से वार किए जाने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्होंने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने भाग रहे आरोपितों में से एक किशोर को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
रेशमवाड़ी निवासी 58 वर्षीय लीलाधर गुरुवार रात किसी काम से मोहल्ले में जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कुछ नाबालिगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि नाबालिगों ने लीलाधर के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को आता देख आरोपित भागने लगे। इस दौरान लोगों ने एक किशोर को पकड़ लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल लीलाधर को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं, पकड़े गए किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उसके फरार साथियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।