रुद्रपुर में तीन साल पुराने आडियो प्रकरण पर सियासी चर्चा तेज, ठुकराल-मीना में पंफलेट वार
रुद्रपुर में तीन साल पुराने आडियो प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और भाजपा नेत्री मीना शर्मा के बीच सियासी जंग तेज हो गई है। यह विवाद अब पंफलेट वार तक पहुंच गया है, जिससे शहर में राजनीतिक चर्चाएं गरमा गई हैं।

कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल. File Photo
HighLights
तीन साल पुराने आडियो प्रकरण पर विवाद गहराया
पूर्व विधायक ठुकराल और नेत्री मीना शर्मा में पंफलेट वार
पुलिस ने ठुकराल को वायस सैंपल देने का नोटिस दिया
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। तीन साल पुराने वायरल आडियो प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल और भाजपा नेत्री मीना शर्मा के बीच सियासी जंग अब पंफलेट वार तक पहुंच गई है।
ठुकराल के ‘आखिर मेरा गुनाह क्या था, मुझ सेवक के साथ न्याय करो’ के सवाल के जवाब में मीना शर्मा ने पंफलेट छपवाकर ‘आपका ही कसूर है’ कहकर पलटवार किया है। दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई इस पोस्टर-पंफलेट की राजनीति शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
बीते दिनों भाजपा नेत्री मीना शर्मा ने एसएसपी अजय गणपति से मुलाकात कर कहा कि पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जो इंटरनेट मीडिया में भी प्रसारित हुआ था।
मामले में पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत की थी, बावजूद इसके ठुकराल ने अपना वायस सैंपल नहीं दिया। ऐसे में जांच को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय जल्द पूरा कर कार्रवाई की जानी चाहिए। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
वहीं, सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि 27 जनवरी को कोतवाली में दी गई तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके साथी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और अश्लील शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचक ने गत 17 अक्टूबर को ठुकराल को नोटिस जारी कर वायस सैंपल देने के लिए कहा था।
इसके बाद 19 नवंबर को स्पीड पोस्ट के माध्यम से दोबारा नोटिस भेजा गया, लेकिन अब तक उनका वायस सैंपल पुलिस को नहीं मिला है। वायरल आडियो प्रकरण के बीच ठुकराल ने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं, बुजुर्गों, महिलाओं और भाइयों को संबोधित करते हुए पंफलेट वितरित कराया था।
इसमें उन्होंने सवाल उठाया था कि आखिर उनका गुनाह क्या है और उन्हें न्याय क्यों नहीं मिल रहा। इसके जवाब में पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं भाजपा नेत्री मीना शर्मा ने भी पंफलेट छपवाकर वितरित कराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।