रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांड: चाकू नहीं कैंची से हुई थी हत्या, अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर में नितेश जौहरी की हत्या चाकू से नहीं बल्कि कैंची से की गई थी, पुलिस ने मुख्य आरोपी की ...और पढ़ें

फाइल फोटो
HighLights
हत्या चाकू से नहीं, कैंची के वार से हुई थी नितेश की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर कैंची, टी-शर्ट बरामद की।
नितेश हत्याकांड में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस फेरबदल।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। नितेश जौहरी हत्याकांड में जांच के दौरान पुलिस को अहम साक्ष्य मिले हैं। मुख्य हत्यारोपित की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कैंची और खून से सनी टी-शर्ट बरामद की है। इस मामले में पुलिस अब तक पांच हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि नितेश की हत्या चाकू से गोदकर नहीं की गई थी, बल्कि उसके सीने पर नुकीली वस्तु (कैंची) से प्रहार किया गया था। कैंची से किए गए वार के कारण नितेश गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बरामद कैंची और टी-शर्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया है।
जगतपुरा में तीसरे दिन भी एहतियातन पुलिस तैनात
जगतपुरा में नितेश हत्याकांड के बाद एहतियातन पुलिस की तैनाती तीसरे दिन रविवार को भी जारी रही। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के विवाद या तनाव की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए पुलिस सतर्क रही। साथ ही हर गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
जगतपुरा में मोबाइल शाप संचालक नितेश जौहरी की हत्या के बाद से ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।
रविवार को तीसरे दिन भी पुलिसकर्मी एहतियातन तैनात रहे। पुलिस की मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
नितेश हत्याकांड के बाद ट्रांजिट कैंप कोतवाल हटाए, रमेश तनवार बने नए कोतवाल
जगतपुरा में व्यावसायिक रंजिश के चलते मोबाइल शाप संचालक नितेश की जिला अस्पताल में चाकू से गोदकर हत्या के बाद पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने ट्रांजिट कैंप कोतवाल धर्मवीर सोलंकी और आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र को हटाकर नई तैनाती दी है।
दोनों अधिकारियों को हटाने के साथ ही पुलिस लाइन से निरीक्षक रमेश तनवार को कोतवाल ट्रांजिट कैंप और दरऊ चौकी प्रभारी को आवास विकास चौकी प्रभारी बनाया गया है।
वारदात के बाद जगतपुरा में समय रहते कानून व्यवस्था नहीं संभाल पाने और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य होने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
वहीं, ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में लोगों की समस्याएं नहीं सुने जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। इसके बाद एसएसपी ने कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैंप कोतवाल धर्मवीर सोलंकी को एएनटीएफ प्रभारी बना दिया है।
वहीं, आवास विकास चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र को दरऊ चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक रमेश तनवार को ट्रांजिट कैंप कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है। जबकि दरऊ चौकी प्रभारी पवन जोशी को आवास विकास चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।