रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांडः मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी और मां बेसुध
रुद्रपुर में नितेश जौहरी की चाकू से गोदकर हत्या ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, जिससे ...और पढ़ें
-1794591878963_m.webp)
HighLights
रुद्रपुर में नितेश जौहरी की चाकू से गोदकर हत्या।
मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया।
विधायक ने हत्यारों को पकड़ने का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। जिला अस्पताल में चाकू से गोदकर नितेश जौहरी की हत्या ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी पार्वती देवी और मां दीपाली का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल पहुंचीं मां और पत्नी नितेश के शव को देखकर बार-बार बेसुध हो रही थीं। स्वजन उन्हें संभालने का प्रयास करते रहे, लेकिन बेटे और पति को खोने का गम उनके आंसुओं में साफ झलक रहा था।
जगतपुरा निवासी नितेश अपने भाई दिनेश के साथ मिलकर मोबाइल की दुकान चलाता था। दोनों भाइयों का विवाह हो चुका है और परिवार का भरण-पोषण इसी दुकान से होता था। नितेश का विवाह करीब छह साल पहले हुआ था। उसकी पांच साल की एक बेटी भी है।
हत्यारों को पाताल से भी खोज निकालेंगे: विधायक अरोरा
हत्याकांड की सूचना मिलते ही शहर विधायक शिव अरोरा जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक नितेश जौहरी की मां आैर स्वजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही कहा कि हत्यारे कितने ही बलशाली क्यों न हों, पुलिस उन्हें पाताल से भी खोज निकालेगी।
पुलिस का पूरा प्रयास होगा कि हत्यारों को फांसी हो। इसके लिए ठोस तरीके से पैरवी की जाएगी। घटना को लेकर विधायक अरोरा ने एसएसपी अजय गणपति से भी बात की और हत्यारों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की। इधर, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मृतक के स्वजनों से मिले और ढांढस बंधाया।
अपराधियों के हौसले बुलंद, पुलिस बेफिक्र है: ठुकराल
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिला अस्पताल पहुंच पीड़ितों को ढांढस बंधाया आैर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जिले की पुलिस भूमि संबंधी मामलों में रुचि लेती है।
अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शहर में आए दिन कोई न कोई घटनाएं सामने आ रही हैं। लेकिन किसी थानाध्यक्ष, चौकी इंचार्ज का कुछ नहीं बिगड़ रहा। ठुकराल ने आरोप लगाया कि सिफारिश लगवाकर जब तक पोष्टिंग मिलती रहेगी तब तक अपराध रुकने वाला नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।