विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नितेश जौहरी हत्याकांड के बाद मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में बनेगी अस्थाई पुलिस चौकी, सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी

Published: Sat, 14 Nov 2026 07:30 PM (IST)

रुद्रपुर जिला अस्पताल में व्यवसायी नितेश जौहरी की हत्या के बाद मुख्यमंत्री धामी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. रुद्रपुर अस्पताल में व्यवसायी नितेश जौहरी की चाकू मारकर हत्या।

  2. मुख्यमंत्री धामी ने घटना का संज्ञान लिया, सख्त कार्रवाई के निर्देश।

  3. मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में अस्थाई पुलिस चौकी बनेगी।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। व्यवसायी नितेश जौहरी की जिला अस्पताल के इमरजेंसी मुख्यद्वार पर चाकू से गोदकर की गई हत्या ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिया है। प्रतिदिन आने वाले सैकडों रोगियों व तीमारदारों के बीच शुक्रवार को ऐसी घटना ने सभी की चीख निकाल दी थी।

हत्याकांड देख तमाम रोगी बिना उपचार कराए दहशत में वापस लौट गए। दिन दहाड़े अस्पताल में जिस वक्त यह हत्या की गई उस समय मौके पर मात्र दो पीआरडी जवान ही तैनात थे, जिनमें एक ने कुछ देर बीच-बचाव भी किया। मगर हत्यारोपितों के आगे वह भी बेबस हो गया।

चिकित्सकों के चेहरे पर भी डर का माहौल साफ दिख रहा था। उन्होंने कहा भी कि यहां दुर्घटना, अपराध समेत सभी तरह के लोग मेडिकल के लिए आते हैं। उपचार के दौरान शुक्रवार की तरह ही कोई घटना होती है तो उसमें चिकित्सक भी सुरक्षित नहीं है।

जिला अस्पताल में हुई इस घटना का संज्ञान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी लिया है। बुलडोजर की कार्रवाई के दौरान जगतपुरा में मौजूद महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी इस घटना को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने खुद सीएम को पूरी जानकारी दी है।

सीएम ने जानकारी लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। किसी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। महापौर विकास ने कहा कि सीएम ने मेडिकल कालेज में अस्थाई पुलिस चौकी तत्काल खोलने के निर्देश भी एसएसपी को दे दिए हैं।

नितेश की तहरीर पर किसने नहीं की कार्रवाई, वह पुलिस कर्मी नपेगा: विधायक

जगतपुरा में मृतक के स्वजनों के साथ मौजूद विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नितेश व हत्यारोपितों के बीच काफी दिनों से व्यावसायिक विवाद चल रहा था। स्वजनों का कहना है कि नितेश ने लिखित तहरीर ट्रांजिट कैंप थाने में दी थी, लेकिन पुलिस ने यह कहकर लौटा दिया कि पहले आपस में सिर फोड़ लो, फिर आना...।

विधायक ने कहा कि ट्रांजिट कैंप थाने में ऐसा किस पुलिस कर्मी या अधिकारी ने कहा है उसकी खोज की जा रही है। उसे सीएम से बात कर बर्खास्त कराया जाएगा। इस बारे में एसएसपी अजय गणपति से बात की गई है।

अपराध और अपराधी बेलगाम, पीड़ित को मुआवजा दे सरकार: बेहड़

मृतक नितेश के घर जगतपुरा पहुंचे किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने पहले श्रद्धांजलि दी और स्वजनों को ढांढस बंधाया। बेहड़ ने कहा कि जब थाने-चौकियां कमाई के अड्डे बन जाएंगे तो अपराध और अपराधी नहीं रुक सकते। उन्होंने कहा कि दोषियों को फांसी की सजा दिलाई जाए।

कौन सा वो थानाध्यक्ष या दारोगा है जिसने नितेश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की, उसको खोजकर तत्काल सस्पेंड किया जाए। अगर पुलिस ने लापरवाही न बरती होती तो इतना बड़ा घटनाक्रम होने से पहले ही रोका जा सकता था। बेहड़ ने मृतक के स्वजनों के लिए सरकार को मुआवजे की मांग की।

यह भी पढ़ें- रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांडः मासूम बेटी के सिर से उठा पिता का साया, पत्नी और मां बेसुध

यह भी पढ़ें- नितेश जौहरी हत्याकांड: दो हत्यारोपित गिरफ्तार, एक को अस्पताल में भीड़ ने पकड़ा तो दूसरा पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।