रुद्रपुर में नवरात्र के दौरान कार के नीचे मिली नवजात बच्ची, कन्या पूजन के मौके पर चर्चा का विषय बनी घटना
रुद्रपुर में नवरात्र के दौरान एक नवजात बच्ची को कार के नीचे लावारिस छोड़ दिया गया, जिसे पुलिस ने बचाकर ...और पढ़ें
-1792252979061_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ कन्या पूजन कर बेटियों को देवी का रूप मानकर उनका आशीर्वाद लिया जा रहा है। कई जगह कन्या पूजन के लिए छोटी बच्चियों का घंटों इंतजार करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर रुद्रपुर में एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद मरने के लिए छोड़ दिया गया।
शनिवार शाम इंद्रा कॉलोनी और सिंह कॉलोनी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर खड़ी कार के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी तो लोगों का दिल पसीज गया। करीब दो दिन की मासूम की हालत खराब थी।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। शनिवार शाम करीब सवा छह बजे संपर्क मार्ग पर खड़ी एक कार के नीचे से अचानक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।
आसपास मौजूद लोगों ने जब देखा तो वहां नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। उसकी हालत देखकर लोग स्तब्ध रह गए। मासूम को इस तरह बेसहारा छोड़ने वाले के प्रति लोगों में नाराजगी भी दिखी। लोगों ने तत्काल आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ विभव सैनी, चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि और चिकित्सकों की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर
बनी हुई है।
आस्था के बीच संवेदनहीनता पर सवाल
... नवरात्र में एक ओर घरों और मंदिरों में कन्या पूजन कर बेटियों को देवी का स्वरूप मानकर सम्मान दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इस मासूम को खुले आसमान के नीचे छोड़ देना समाज की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है।
जिस उम्र में बच्ची को मां की गोद और देखभाल की सबसे अधिक जरूरत होती है, उस समय उसे इस तरह बेसहारा छोड़ दिया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसे समय पर उपचार मिल सका। अब सवाल यह है कि आखिर इस मासूम को यहां किसने और किन परिस्थितियों में छोड़ा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
