नितेश जौहरी हत्याकांड में छठा आरोपी अमन प्रजापति बरेली से गिरफ्तार
पुलिस ने नितेश जौहरी हत्याकांड के छठे फरार आरोपी अमन प्रजापति को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी ...और पढ़ें

HighLights
नितेश जौहरी हत्याकांड में छठा आरोपी अमन प्रजापति गिरफ्तार।
बरेली के मीरगंज क्षेत्र से पुलिस ने आरोपी को दबोचा।
सीसीटीवी विवाद के बाद हुई थी नितेश जौहरी की हत्या।
जासं, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। जगतपुरा के नितेश जौहरी हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे छठे आरोपित अमन प्रजापति को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र के सिंधौली से दबोचा।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पांच विशेष पुलिस टीमें लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थीं। इससे पहले पुलिस पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
13 नवंबर को जगतपुरा में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद जिला अस्पताल परिसर में फिर से संघर्ष हो गया।
इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से वार कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश की उपचार के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उसके स्वजन दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।
मामले में दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। मुख्य आरोपित विकास कुमार को बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, पुलभट्टा क्षेत्र में लाते समय उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। वहीं, 14 नवंबर को पुलिस और एसओजी की टीम ने अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार किया।
मुख्य आरोपित विकास की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची और खून से सनी टी-शर्ट भी बरामद की गई। अब पुलिस ने रविवार रात को छठे आरोपित अमन प्रजापति को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर नितेश जौहरी हत्याकांड: चाकू नहीं कैंची से हुई थी हत्या, अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर के नितेश जौहरी हत्याकांड के दो आरोपित भोला और अमन सिडकुल से गिरफ्तार