ऊधम सिंह नगर के खटीमा में दोस्त ने की युवक की गला घोंटकर हत्या, शव गटर में छिपाया, आरोपी गिरफ्तार
खटीमा में 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की उसके परिचित संजय गुप्ता ने गला घोंटकर हत्या कर दी और शव ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। शिव कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभय उर्फ लल्लू की हत्या उसके परिचित संजय गुप्ता ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को चौधरी कॉलोनी स्थित एक प्लाट के गटर में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और मृतक के 600 रुपये बरामद कर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया अभय सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
आठ नवंबर तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। नौ नवंबर को उसके भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी दर्ज कराई। तहरीर में बताया गया था कि अभय का मोबाइल फोन संजय गुप्ता के पास मिला है।
इसी आधार पर पुलिस ने संजय को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सात नवंबर की रात करीब 11 बजे उसने अभय की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को शिव कॉलोनी के पीछे चौधरी के प्लाट में बने गटर में छिपा दिया था।
आरोपी ने मृतक के पास से 2300 रुपये और मोबाइल लेने की बात भी बताई। मोबाइल मृतक के भाई को दे दिया गया था, जबकि 1700 रुपये पटाखों में खर्च कर दिए और 600 रुपये उसके पास बचे थे।
पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। उसकी निशानदेही पर गटर से शव बरामद किया गया। मृतक के भाई रवि ने शव की शिनाख्त अभय उर्फ लल्लू के रूप में की।
इसके अलावा शौचालय के पीछे से हत्या में इस्तेमाल किया गया सफेद-काला नाड़ा और आरोपी के पास से 500 तथा 100 रुपये के नोट बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को रात गिरफ्तार कर लिया। मामले में गुमशुदगी को हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में तरमीम कर एफआईआर संख्या 346/2026 धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।