उत्तराखंड के क्रोकोडाइल पार्क में मगरमच्छों को देखने उमड़े सैलानी, 80 हजार लोगों ने की सैर
क्रोकोडाइल पार्क पांच साल में 80 हजार से अधिक पर्यटकों को आकर्षित कर चुका है। सर्दियों में धूप सेंकते मगरमच्छों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर वर्ष 2021 में सुरई वन रेंज के ककरा नाले में बना क्रोकोडाइल पार्क अब खटीमा में पर्यटन के प्रमुख आकर्षण के रूप में पहचान बना चुका है।
मगरमच्छों के प्राकृतिक आवास को पर्यटन से जोड़ने के उद्देश्य से विकसित किए गए इस पार्क में पांच साल में 80 हजार से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। पार्क की स्थापना का उद्देश्य लोगों को मगरमच्छों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखने का अवसर उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना था।
पार्क में पर्यटकों की आवाजाही का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। यहां प्रत्येक पर्यटक से 20 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाता है। दो नवंबर से पार्क को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। सर्दियों का मौसम यहां पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण रखता है।
ठंड के दिनों में मगरमच्छ पानी से बाहर निकलकर नाले के किनारे धूप सेंकते दिखाई देते हैं। दरअसल, मगरमच्छ शीतरक्ती जीव होते हैं और अपने शरीर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए धूप का सहारा लेते हैं। यही वजह है कि सर्दियों में इनके बाहर निकलने पर पर्यटकों को इन्हें देखने का बेहतर अवसर मिलता है।
यहां 126 से अधिक गरमच्छों का है कुनबा
वर्ष 2025 की गणना के अनुसार यहां 126 मगरमच्छ दर्ज किए गए थे। इस प्रोजेक्ट में साठ लाख रुपये खर्च हुए थे। यह नाला 700 मीटर लंबा व 200 मीटर चौड़ा भू-भाग है।
पार्क के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर भी वन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। नाले के किनारे मिट्टी खिसकने की समस्या को देखते हुए वहां सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी। सुरई रेंज के रेंजर राजेंद्र मनराल ने बताया कि दीवार निर्माण का कार्य एक-दो दिन में शुरू कराने की तैयारी है। इससे नाले के किनारों पर मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलेगी।
चिल्ड्रन पार्क के प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो बच्चों का होगा मनोरंजन का नया ठिकाना
खटीमा : सुरई वन रेंज स्थित क्रोकोडाइल पार्क आने वाले समय में बच्चों के मनोरंजन का भी केंद्र बन सकता है। वन विभाग की ओर से यहां चिल्ड्रन पार्क विकसित करने की योजना को लेकर प्रस्ताव पूर्व में भेजा गया था। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन से जुड़ी अन्य सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
इससे क्रोकोडाइल पार्क पहुंचने वाले परिवारों और बच्चों को एक अतिरिक्त आकर्षण उपलब्ध होगा। दरअसल, क्रोकोडाइल पार्क में अब तक पर्यटकों का मुख्य आकर्षण मगरमच्छों को उनके प्राकृतिक वातावरण में देखना रहा है। लेकिन बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग से सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए वन विभाग पार्क का विस्तार करने के साथ आसपास के क्षेत्र को और आकर्षक बनाने पर विचार कर रहा है।
प्रस्तावित चिल्ड्रन पार्क में बच्चों की उम्र और मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए झूले तथा अन्य खेल गतिविधियों से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने की योजना का अंतिम स्वरूप तय नहीं हुआ है। वन विभाग के अधिकारी इस पर मंथन कर रहे हैं कि पार्क को किस तरह विकसित किया जाए, जिससे बच्चे सुरक्षित वातावरण में मनोरंजन कर सकें और परिवार भी यहां अधिक समय बिता सकें।
पार्क में पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंटीन का निर्माण पूरा हो चुका है। पूर्व में चिल्ड्रन पार्क का प्रस्ताव भेजा गया है दो दिन पहले डीएफओ ने पार्क का निरीक्षण किया है। इसे और बेहतर बनाने के लिए मंथन किया जा रहा है। नए विकल्प को अंतिम रूप देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - संचित वर्मा, एसडीओ
यह भी पढ़ें- हरिद्वार में आधी रात लक्सर कोतवाली में घुसा मगरमच्छ, पुलिसकर्मियों में मचा हड़कंप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।